| | | |

प्रदेश प्रकाश की खबर पर लगी मुहर: 25 सितंबर से शुरू होगी भारत-वेस्ट इंडीज मैच के टिकट की बिक्री; 10 अक्टूबर को इंदौर आएंगी दोनों टीमें

इंदौर। प्रदेश प्रकाश की खबर पर लगी मुहर, 25 सितंबर सुबह 6 बजे से शुरू होगी टिकटों की बिक्री। प्रदेश प्रदेश ने आज यानी 18 सितंबर को सबसे पहले यह खबर प्रकाशित करते हुए बताया था की 25 सितंबर से शुरू भारत-वेस्ट इंडीज मैच के टिकट की बिक्री शुरू होगी। वहीं आज दोपहर 3 बजे MPCA ने टिकट बिक्री की तारीख की आधिकारिक घोषणा कर दी है।

भारत और वेस्ट इंडीज के बीच 11 अक्टूबर को होलकर स्टेडियम में खेले जाने वाले टी-20 मैच के लिए 25 सितंबर से टिकट की बिक्री शुरू हो जाएगी। टिकटों की बिक्री 25 सितंबर को ऑनलाइन शुरू होगी। वहीं दोनों ही टीमें चार्टेड प्लेन से 10 अक्टुबर को दोपहर में इंदौर पहुंच जाएगी। इंडीया टीम होटल मेरियट में तो वहीं वेस्ट इंडीज की टीम को रेडिसन होटल में रूकवाया जाएगा।

भारत और वेस्ट इंडीज के बीच इंदौर में एमपीसीए की मेजबानी में खेले जाने वाला यह टी-20 मुकाबला छठा होगा। होलकर स्टेडियम में खेले जाने वाला यह मुकाबला पांचवा होगा। एमपीसीए टिकट दरों की घोषणा पहले ही कर चुका है। सबसे सस्ता टिकट ईस्ट गैलरी ग्राउंड फ्लोर का 1000 रुपए का जबकि सबसे महंगा साउथ पवैलियन लोअर का 12500 रुपए का है। टिकटों की बिक्री ऑनलाइन ही होगी।

एमपीसीए ने ऑनलाइन टिकटिंग के लिए डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो को नियुक्त किया है। डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो मोबाइल एप है और टिकट खरीदने के लिए www.district.in वेवसाइट का इस्तेमाल किया जा सकता है।

साउथ पवैलियन की टिकट 12500 रुपए
एमपीसीए के अनुसार साउथ पवैलियन लोअर लाइव हॉस्पिटैलिटी की टिकट 6500, साउथ पवैलियन लोअर 12500, साउथ पवैलियन फर्स्ट फ्लोर 8500, साउथ पवैलियन फर्स्ट फ्लोर फूड बॉक्स हॉस्पिटैलिटी 11,000, साउथ पवैलियन सेकंड फ्लोर की टिकट 5500 रुपए होगी।

ईस्ट गैलरी ग्राउंड फ्लोर 1000 रुपए
ईस्ट गैलरी ग्राउंड फ्लोर की टिकट 1000 रुपए, ईस्ट गैलरी फर्स्ट फ्लोर प्रीमियम 1700, ईस्ट गैलरी फर्स्ट फ्लोर रैगुलर 1400, ईस्ट गैलरी सैकंड फ्लोर 1250, वेस्ट गैलरी ग्राउंड फ्लोर 1100, वेस्ट गैलरी फर्स्ट फ्लोर प्रीमियम 1800, वेस्ट गैलरी फर्स्ट फ्लोर 1500 और वेस्ट गैलरी सेकंड फ्लोर की टिकट 1350 रुपए की होगी। एक व्यक्ति ज्यादा से ज्याद सिंगल या मिक्स कैटेगरी के 4 टिकट बुक करा सकता है।

नए स्वरूप में नजर आएगा स्टेडियम
होलकर स्टेडियम के नए स्वरूप के तहत बाउंड्री वॉल को आकर्षक रूप में संवारा जा रहा है। साथ ही पांचों प्रवेश द्वार भी नए स्वरूप में नजर आएंगे। दोनों टीमों के ड्रेसिंग रूम और अंपायर रूम को भी नए सिरे से संवारा जा रहा है जिससे खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। रेनोवेशन के तहत ड्रेसिंग रूम के टॉयलेट्स को नए सिरे से संवारा जा रहा है।

बाउंड्री वॉल होगी आकर्षक
होलकर स्टेडियम की बाउंड्री वॉल को एमपीसीए के म्यूजियम की थीम पर संवारा जा रहा है। बाउंड्री वॉल के ऊपर ब्लैक कलर की आकर्षक जालियां भी लगाई जाएंगी और बाउंड्री वॉल को लाइट के जरिए जगमगाया जाएगा। ब्राउंडी वॉल पर ब्रिक क्लेडिंग का काम हुआ है। साथ ही उसपर यलो कलर के साथ आकर्षक लाइट भी लगाई जाएगी। कांट्रेकटर हार्दिक बंसल के नेतृत्व में लगभग 17 लोगों की टीम इस काम को अंजाम देने के लिए जुटी हुई है और अगले 10 दिनों में रेनोवेशन का काम पूरा होने की संभावना है।

प्रवेश द्वार दिखेंगे भव्य
स्टेडियम में दर्शक अब नए प्रवेश द्वार से अंदर जांएगे। पुरारे प्रवेश द्वार की जगह ही अब नए स्वरूप में बड़े द्वार बनाए गए हैं और इसका काम भी तेजी से किया जा रहा है। रेनोवेशन के तहत ही नए प्रवेश द्वार बनाए गए हैं जो दर्शकों को नए स्टेडियम में प्रवेश का एहसास कराएंगे। मैदान के अंदर प्रेस बाक्स के ऊपर दशर्क दीर्घा को संवारा जा रहा है और फिलहाल पीओपी ग्रीड लगाने का काम चल रहा है।

काली मिट्टी की पिच पर मुकाबला संभावित
होलकर स्टेडियम में 9 विकेट हैं जिसमें 5 काली मिट्टी और 4 लाल मिट्टी से बने हैं। एमपीसीए के चीफ पिच क्यूरेटर मनोहर जामले की देखरेख में पिच और मैदान को संवारा जाता है। 11 सितंबर से हमने मैच की तैयारी शुरू कर दी है। मैच के लिए काली और लाल मिट्टी की दो पिचें तैयार की जाएंगी। संभावना है कि काली मिट्टी पर ही मुकाबला हो ताकि दर्शक इस छोटे फार्मेट के मुकाबले में बल्लेबाजी का भरपूर आनंद उठा सकें।

100 लोगों की टीम करेगी काम
जामले का कहना है पिच चयन में क्यूरेटर की अहम भूमिका होती है। टी-20 मुकाबला वैसे भी बल्लेबाजी के लिए जाना जाता है और हमारा प्रयास होता है पिच उसी अनुरूप तैयार की जाए जिससे दर्शक मुकाबले का भरपूर आनंद उठा सकें। जामले ने बताया कि बारिश की स्थिति से निपटने के लिए भी हमारी टीम को तैयार रहना होता है। मैच के दौरान लगभग 100 लोगों की टीम इस कार्य के लिए हमेशा तैयार रहती है। ऐसी स्तिथि से निबटने के लिए टीम अभ्यास भी करती है। बारिश रुकने के 45 मिनट के भीतर मैदान फिर से खेलने योग्य बना दिया जाता है।

Share