| | | |

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन के रथ से उतारे गए उज्जैन महापौर: बैरवा समाज के साथ धरने पर बैठेंगे; सूची में नहीं था मेयर का नाम  

उज्जैन। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के रथ से महापौर मुकेश टटवाल को उतारने की घटना को अपना अपमान बताते हुए मेयर ने शुक्रवार को धरने की घोषणा की है।

दरअसल गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 77 वें जन्मदिन पर शिप्रा नदी पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम मनाया गया था। आयोजन में शामिल होने के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन भी पहुँचे थे। उनके लिए विशेष रथ बनाया गया था।

हेलीपेड पर ही रथ मे नवीन के साथ सीएम डॉ  मोहन यादव, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा,नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल आदि के साथ महापौर टटवाल भी सवार हो गए, लेकिन कुछ ही देर मे टटवाल को रथ से उतार दिया। इसके बाद रथ यात्रा निकली। इसी बात से महापौर और पूरा बैरवा समाज आहत हो गया।

प्रोटोकॉल सूची पर उठे सवाल
इस घटना में अब सबसे ज्यादा चर्चा रथ पर सवार होने के लिए भाजपा द्वारा तैयार की गई प्रोटोकॉल सूची को लेकर हो रही है। सूत्रों के अनुसार, हेलीपैड से रथ पर सवार होने वाले नेताओं की सूची में महापौर का नाम नहीं था, जबकि शिप्रा तट पर बनाए मंच कि सूची में उनका नाम शामिल था। महापौर से जब इस संबंध में पूछा तो उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी नहीं है कि सूची में उनका नाम था या नहीं। उन्होंने इतना जरूर कहा कि उन्हें रथ से नीचे उतार दिया।

बेरवा समाज ने की बैठक
घटनाक्रम के बाद शुक्रवार को बेरवा समाजजनो ने संत बालीनाथ मंदिर, बांकुरा में बैठक की। इसमें महापौर टटवाल के साथ हुए घटनाक्रम को लेकर चर्चा हुई। यहां 20 सितंबर को फ्रीगंज स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास बैठने का निर्णय लिया गया।

सहन शक्ति के लिए धरना
महापौर मुकेश टटवाल के मुताबिक, वे राष्ट्रीय अध्यक्ष की अगवानी के लिए हेलीपैड पहुंचे थे। यहां जिला प्रभारी बजरंग पुरोहित और कार्यक्रम प्रभारी जयपाल सिंह चावड़ा ने उन्हें रथ में राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ बैठने के लिए कहा तो वे विधायक कालूहेड़ा के साथ रथ पर सवार हुए, लेकिन कुछ देर बाद उन्हें नीचे उतरने के लिए कहा गया और वे रथ से नीचे आ गए। अब वे सुबह 11 बजे बाबा साहेब की प्रतिमा के पास बैठकर अपमान सहने की शक्ति और जनता ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे निष्ठा से निभाने की प्रार्थना करेंगे।

Share