|

विद्या देवी कक्कड़ स्मृति ऑल इंडिया चैंपियनशिप सीरीज जूनियर टेनिस टूर्नामेंट: मप्र के हितार्थ और महाराष्ट्र की अंगहा को दोहरी सफलता

इंदौर। मध्य प्रदेश के हितार्थ सुराना और महाराष्ट्र की अगंहा कदम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया टेनिस संघ के तत्वावधान में मध्य प्रदेश टेनिस संघ द्वारा आयोजित एवं पी.के. फाउंडेशन द्वारा प्रायोजित विद्या देवी कक्कड़ स्मृति ऑल इंडिया चैंपियनशिप सीरीज जूनियर टेनिस टूर्नामेंट में दोहरी खिताबी सफलता हासिल की।

इंदौर टेनिस क्लब (आईटीसी) में आयोजित स्पर्धा के बालक 14 वर्ष आयु वर्ग के फाइनल में हितार्थ सुराना ने महाराष्ट्र के समन्यु जैन को आसानी से सीधे सेटों में 6-2, 6-0 से पराजित कर एकल खिताब अपने नाम किया। इसी आयु वर्ग के युगल फाइनल में हितार्थ ने मध्य प्रदेश के विहान नवाब के साथ मिलकर दूसरा खिताब अपने नाम किया। हितार्थ सुराना-विहान नवाब की जोड़ी ने इस अंतिम मुकाबले में गर्व मालपानी-ओजस मिश्रा (मप्र) को 6-2, 6-3 से मात दी।

प्रांशी ने साहयर्दि को हराया
बालिका 14 वर्ष आयु वर्ग के एकल फाइनल में गुजरात की प्रांशी पटेल ने अपने ही प्रदेश की साहयर्दि चावड़ा को पहला सेट गंवाने के बाद 2-6, 6-3, 6-2 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। युगल फाइनल में अगंहा कदम-अंशिका मोगल (महाराष्ट्र) ने आन्या राठी-प्रांशी पटेल (मप्र-गुजरात) को 6-3, 6-3 से हराया।

बालक 12 वर्ष में अदविक चैंपियन
अदविक विनोथ (महाराष्ट्र) ने बालक 12 वर्ष आयु वर्ग का एकल खिताब अपने नाम किया। फाइनल में अदविक ने मध्य प्रदेश के अदविथ भार्गव को सीधे सेटों में 6-2, 6-1 से पराजित किया। बालिका 12 वर्ष आयु वर्ग का एकल खिताब अगंहा कदम (महाराष्ट्र) के नाम रहा। फाइनल में उन्होंने अपने ही प्रदेश की माया रसखीना को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 7-6, 2-6, 6-3 से मात दी। बालक युगल वर्ग का खिताब मप्र की जोड़ी अदविथ भार्गव-सौरीष गुप्ता ने अपने नाम किया। अदविथ-सौरीष ने फाइनल में ईवान जैन-कबीर लुधानी (महाराष्ट्र) को 6-4, 6-2 से हराया।

छाबड़ा और कक्कड़ ने किया पुरस्कृत
प्रतियोगिता का समापन और पुरस्कार वितरण पिंटू छाबड़ा, प्रवीण कक्कड़, सलिल कक्कड़, धर्मेश घई और विजय वर्मा के आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर सह सचिव अर्जुन धूपर और कोच इरफान अहमद भी मौजूद थे।

Share