| |

देवास में रोने लगे हनुमान जी: पुजारी पोंछते हैं, कुछ देर बाद फिर आंखों से गिरने लगती हैं बूंदें; चमत्कार देख भजन-कीर्तन शुरू

देवास। मनासा में हनुमानजी की आंखों से आंसू निकलने का दावा किया जा रहा है। पुजारी जैसे ही उन्हें पोंछते हैं, कुछ देर बाद फिर आंखों से बूंदें गिरने लगती हैं। घटना खेड़ापति सरकार मंदिर की बताई जा रही है।

गांव के लोगों को जैसे-जैसे इसकी जानकारी मिल रही है, वे मंदिर में इकट्ठा होते जा रहे हैं। सुबह से लगातार पहुंच रहे लोगों के कारण मंदिर परिसर में भीड़ बढ़ती जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शी मनीष इनानिया ने बताया कि 28 जुलाई को शाम 4 बजे से लगातार बूंदें निकल रही हैं। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन शुरू हो गया है। कई स्थानीय लोग इसे ईश्वर का चमत्कार और विशेष संकेत मान रहे हैं।

कुछ लोगों का मानना है कि ऐसी घटनाओं के पीछे प्राकृतिक या तकनीकी कारण भी हो सकते हैं, क्योंकि प्रतिमा पर वर्षों तक चढ़ाए जाने वाले सिंदूर और चमेली के तेल की परतें अंदर जमा हो जाती हैं।

तापमान और आर्द्रता में बदलाव होने पर इनमें मौजूद द्रव बाहर निकल सकता है। धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए घटना के वास्तविक कारणों की तकनीकी जांच कराई जानी चाहिए, ताकि तथ्य स्पष्ट हो सकें।

Share