देवास में दूध में मिला रबड़ जैसा पदार्थ: खाद्य विभाग ने लिए सैंपल; रोज कई लोग लेते है दूध

देवास। बागली क्षेत्र के ग्राम छतरपुरा में एक महिला का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला गैस पर दूध गर्म करती दिखाई दे रही है।
दूध में रबड़ जैसी वस्तु नजर आने पर महिला उसे चम्मच से निकालकर दिखा रही है। वीडियो सामने आने के बाद खाद्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दूध को फेंकने के कारण नहीं मिला सैंपल
वायरल वीडियो की जांच में सामने आया कि यह वीडियो छतरपुरा निवासी राहुल पाटीदार के घर का बताया जा रहा है। महिला के अनुसार, उसने यह दूध बागली की राधे कृष्णा डेयरी से खरीदा था। वीडियो वायरल होने के बाद महिला ने दूध को फेंक दिया। जिसके कारण उसमें दिखाई दे रही वस्तु और दूध का सैंपल नहीं लिया जा सका।
खाद्य विभाग ने लिए सैंपल
मामले की जानकारी मिलने पर देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने राधे कृष्णा डेयरी से ताजा दूध का सैंपल लिया है, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा। विभाग की ओर से दूध की गुणवत्ता की जांच की जा रही है।
कई लोगों को दूध बेचा
डेयरी संचालक ने बताया कि उनकी दुकान से रोजाना कई लोगों को दूध बेचा जाता है। अब तक किसी अन्य ग्राहक की ओर से इस तरह की शिकायत नहीं मिली है। संचालक का कहना है कि केवल एक ही ग्राहक की ओर से शिकायत सामने आई है।