|

द ओडिसी का बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन, जानिए वीकेंड में की कितनी कमाई

क्रिस्टोफर नोलन की चर्चित फिल्म ‘द ओडिसी’ सिनेमाघरों में दर्शकों का बहुत सारा प्यार जीत रही है। दुनियाभर में यह फिल्म अच्छी कमाई कर रही है और नोलन की बेस्ट ओपनर साबित हो रही है। इस वीकेंड पर भी फिल्म का प्रदर्शन शानदार रहा।
मैट डैमन, टॉम हॉलैंड और जेंडाया अभिनीत फिल्म ‘द ओडिसी’ 17 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। क्रिस्टोफर नोलन निर्देशित यह फिल्म दुनियाभर में अपना सिक्का जमा चुकी है। फिल्म ने वीकएंड पर भारी कमाई की और इसी के साथ यह निर्देशक नोलन की वर्ल्डवाइड स्तर पर बेस्ट ओपनर साबित हुई है।

प्रमोशन के लिए भारत आए थे नोलन

इस फिल्म की रिलीज से पहले नोलन और स्टारकास्ट प्रमोशन के लिए भारत भी आए थे। मुंबई में फिल्म का प्रीमियर किया गया था। कलेक्शन की बात करें तो भारत में फिल्म अर्धशतक जड़ चुकी है। भारत में फिल्म ने 17.40 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली थी। दूसरे दिन 22 करोड़ कमाए। वहीं तीसरे दिन रविवार को 21.90 करोड़ रुपये का कलेक्शन रहा। सैकनिल्क पर प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म का टोटल इंडिया नेट कलेक्शन 61.77 करोड़ रुपये हो चुका है।

अभी तक कमाए 264.1 मिलियन अमेरिकी डॉलर

‘द ओडिसी’ ने बॉक्स ऑफिस पर जोरदार शुरुआत की है। जानकारी के अनुसार इस एक्शन-एडवेंचर फिल्म ने वीकएंड पर दुनियाभर में 264.1 मिलियन अमेरिकी डॉलर ((करीब 2,212 करोड़ रुपये) ) की कमाई की। इसमें 139.6 मिलियन अमेरिकी डॉलर की कमाई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और 124.5 मिलियन अमेरिकी डॉलर की कमाई घरेलू स्तर पर हुई।

‘द डार्क नाइट राइजेज’ के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा

R-रेटेड फिल्म के लिए यह कमाई एक जबरदस्त शुरुआत है। फिल्म लगभग तीन घंटे लंबी है। यह फिल्म किसी बड़ी फ्रैंचाइजी का हिस्सा भी नहीं है। ‘द ओडिसी’ होमर की लगभग 3,000 साल पुरानी महाकाव्य कविता पर आधारित है। यह पहले ही नोलन की अब तक की सबसे बड़ी वर्ल्डवाइड ओपनर बन गई है, जिसने उनकी पिछली फिल्मों ‘द डार्क नाइट राइजेज’ (249 मिलियन अमेरिकी डॉलर) और ‘द डार्क नाइट’ (198 मिलियन अमेरिकी) के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। इसके अलावा, यह फिल्म ‘द सुपर मारियो गैलेक्सी मूवी’ (372.5 मिलियन यूएसडी) और ‘टॉय स्टोरी 5’ (312 मिलियन यूएसडी) के बाद इस साल की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग लेने वाली भी है।

 

Share