दो दिन की गिरावट के बाद कच्चे तेल में उछाल, 106 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचा ब्रेंट क्रूड

दो दिनों की गिरावट के बाद कच्चे तेल का भाव 106 डॉलर प्रति बैरल के पार

पश्चिम एशिया में जारी संकट और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच दो दिनों की गिरावट के बाद कच्चे तेल की कीमतों में फिर तेजी दर्ज की गई है। गुरुवार को शुरुआती कारोबार में अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 106 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया, जिससे वैश्विक ऊर्जा बाजार में हलचल बढ़ गई है।

ब्रेंट और WTI क्रूड दोनों में बढ़त

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.52 डॉलर (1.45 फीसदी) बढ़कर 106.54 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेंड कर रही है। वहीं यूएस वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड भी 1.53 डॉलर (1.56 फीसदी) की बढ़त के साथ 99.78 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है।

ईरान-अमेरिका तनाव और घटते भंडार से बढ़ी चिंता

विशेषज्ञों का मानना है कि कच्चे तेल की कीमतों में यह तेजी ईरान-अमेरिका तनाव और संघर्ष-विराम को लेकर बनी अनिश्चितताओं के कारण आई है। इसके अलावा अमेरिका में कच्चे तेल की आपूर्ति और भंडार में भारी गिरावट ने बाजार में नई चिंता पैदा कर दी है।

होर्मुज़ जलडमरूमध्य बना बड़ा कारण

ऊर्जा विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया संकट से पहले होर्मुज़ जलडमरूमध्य से दुनिया की 20 फीसदी से अधिक तेल और ऊर्जा आपूर्ति गुजरती थी। हालांकि 28 फरवरी के बाद से यह मार्ग लगभग पूरी तरह प्रभावित हो गया है, जिससे वैश्विक बाजार में तेल आपूर्ति को लेकर दबाव बढ़ा है।

कच्चे तेल की कीमतों में आई यह तेजी आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों, परिवहन लागत और महंगाई पर असर डाल सकती है।

Share

Similar Posts