मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सिवान को दी 202 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को समृद्धि यात्रा के क्रम में सिवान जिले को बड़ी विकासात्मक सौगात दी। मुख्यमंत्री ने राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, मैरवा परिसर से जिले में 202 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 71 विकास योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
इन योजनाओं में 157 करोड़ रुपये की 40 योजनाओं का शिलान्यास तथा 45 करोड़ रुपये की 31 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।
निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने लाभुकों को सांकेतिक चेक और स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए। तेल प्रसंस्करण इकाई के लिए सूर्यान्स एफपीओ को 9.90 लाख रुपये, फार्म मशीनरी बैंक के लिए मुकेश कुमार को 8 लाख रुपये तथा झोपड़ी मशरूम इकाई हेतु धर्मेंद्र राम को 89,750 रुपये की अनुदान राशि दी गई।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान कृषि सखियों ने बताया कि वे प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को लगातार जागरूक कर रही हैं। सरकार द्वारा उन्हें 5,000 रुपये प्रतिमाह की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। सिवान जिले के 11 प्रखंडों में कुल 23 कृषि सखियां इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने सीवान-आंदर पथ के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण का कार्य लगभग 24 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है और शेष कार्य तेजी से प्रगति पर है।
समृद्धि यात्रा के दौरान घोषित अन्य प्रमुख योजनाओं में पचरुखी बाईपास सड़क निर्माण, आरओबी निर्माण, घाघरा नदी पर पुल एवं पहुंच पथ, मैरवा ग्रिड उपकेंद्र, प्रेक्षागृह निर्माण सहित कई विकासात्मक एवं जन-कल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं, जिनका कार्य तेजी से जारी है।
अंत में मुख्यमंत्री ने पंचमंदिरा पोखरा, सिवान में जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत कराए गए सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया और मत्स्य बीज संचयन कार्य का शुभारंभ किया।






