सीएम मोहन यादव आज जयपुर में निवेशकों से करेंगे संवाद, एमपी में निवेश को लेकर रखेंगे रोडमैप

मध्य प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज जयपुर में उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण संवाद करेंगे। यह बैठक जयपुर के आईटीसी राजपूताना होटल में आयोजित की जा रही है, जहां राज्य में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा होगी।
इस ‘इंटरएक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट ऑपर्च्युनिटीज इन मध्य प्रदेश’ का उद्देश्य देश के बड़े औद्योगिक समूहों को राज्य की निवेश नीतियों और अवसरों से अवगत कराना है।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश की औद्योगिक नीति, क्षेत्रवार प्रोत्साहन, विकसित औद्योगिक क्षेत्रों की उपलब्धता, अधोसंरचना विस्तार, लॉजिस्टिक नेटवर्क और कौशल विकास तंत्र को विस्तार से प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही, राज्य की त्वरित स्वीकृति प्रणाली (Single Window System) को भी निवेशकों के सामने रखा जाएगा।
औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव राघवेन्द्र कुमार सिंह निवेश संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा, कार्यक्रम में शामिल उद्योग जगत के प्रतिनिधि भी अपने सुझाव और विचार साझा करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर निवेशकों के साथ सीधे संवाद करते हुए राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को स्पष्ट करेंगे। वे बताएंगे कि मध्य प्रदेश स्थिर नीति वातावरण, पारदर्शी प्रक्रिया और समयबद्ध निर्णय व्यवस्था के साथ निवेश के लिए अनुकूल माहौल प्रदान कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री चयनित उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठक भी करेंगे, जिसमें प्रस्तावित परियोजनाओं और निवेश योजनाओं पर विस्तार से चर्चा होगी।
यह पहल मध्य प्रदेश को निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने और रोजगार सृजन के नए अवसर पैदा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।






