चित्रकूट में गर्ल्स हॉस्टल में लगी आग: छात्रों की किताब, कपड़े और अन्य सामान जलकर खाक; हॉस्टल में गयाब रही वार्डन

सतना। चित्रकूट के रजौला स्थित सुभाष चंद्र बोस गर्ल्स हॉस्टल में रात अचानक आग लग गई। आग की तपिश महसूस होते ही छात्राओं में अफरा-तफरी मच गई। छात्राएं कमरों से बाहर निकल आईं और मदद के लिए शोर मचाया।
सूचना मिलते ही चौकीदार और सहायक वार्डन रंजना पटेल मौके पर पहुंचीं। इसके बाद 112 पर सूचना दी गई। पुलिस और दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी देर के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी छात्रा के हताहत होने की सूचना नहीं है।
छात्राओं का सामान जलकर खाक
आग की चपेट में आने से छात्राओं के कपड़े, नकदी, किताबें, बेड और अन्य जरूरी सामान जल गया। आग से हॉस्टल के कमरे में रखा सामान पूरी तरह खाक हो गया। घटना के बाद छात्राओं में डर का माहौल है।
अधीक्षिका की मौजूदगी पर छात्राओं ने उठाए सवाल
छात्राओं का आरोप है कि अधीक्षिका रात के समय हॉस्टल में मौजूद नहीं रहतीं। घटना के दौरान रात की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। छात्राओं और अभिभावकों का आरोप है कि घटना की जानकारी परिजनों तक देरी से पहुंची।

आग की वजह की जांच की जा रही है
आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासनिक जांच में यह पता लगाया जाएगा कि आग किस वजह से लगी और हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी थी या नहीं। साथ ही आग में छात्राओं के जले सामान के नुकसान की भरपाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।