वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज लोकसभा में पेश करेंगी वर्ष 2026-27 का केंद्रीय बजट

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज लोकसभा में वर्ष 2026-27 का केंद्रीय बजट प्रस्तुत करेंगी। बजट भाषण के बाद इसकी प्रति राज्यसभा के पटल पर भी रखी जाएगी। यह नरेन्द्र मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का तीसरा बजट होगा।
बजट प्रस्तुति से पहले वित्त मंत्री ने व्यापक स्तर पर बजट पूर्व परामर्श किए। इन बैठकों में देश के प्रमुख अर्थशास्त्री, नीति विशेषज्ञ, व्यापार संगठनों के प्रतिनिधि, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME), व्यापार और सेवा उद्योग, वित्तीय क्षेत्र तथा पूंजी बाजार से जुड़े हितधारक शामिल रहे।
इसके साथ ही कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कृषि और ग्रामीण विकास से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत बजट पूर्व परामर्श किया और किसानों व ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े सुझावों की संकलित रिपोर्ट वित्त मंत्री को सौंपी।
इस बजट से मिडिल क्लास, किसानों, नौकरीपेशा वर्ग, युवाओं और उद्योग जगत को कई अहम घोषणाओं की उम्मीद है। खासतौर पर आर्थिक विकास, रोजगार सृजन, महंगाई नियंत्रण, बुनियादी ढांचे, डिजिटल अर्थव्यवस्था और सामाजिक कल्याण से जुड़े कदमों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।






