आम बजट के दिन शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव, शुरुआती गिरावट के बाद सेंसेक्स-निफ्टी ने की मजबूत रिकवरी

आम बजट 2026 पेश होने वाले दिन घरेलू शेयर बाजार में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में गिरावट के बाद बाजार ने निचले स्तर से रिकवरी करते हुए मजबूती दिखाई। निवेशकों की सतर्कता और चुनिंदा शेयरों में लिवाली के चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ने नुकसान से उबरने की कोशिश की।
कारोबार की शुरुआत में बाजार मामूली बढ़त के साथ खुला, लेकिन बजट से पहले मुनाफावसूली के दबाव में सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में चले गए। हालांकि कुछ ही देर में खरीदारों ने मोर्चा संभाल लिया, जिससे बाजार में सुधार देखने को मिला। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स करीब 0.07 प्रतिशत और निफ्टी 0.06 प्रतिशत की मामूली मजबूती के साथ कारोबार करता नजर आया।
दिग्गज शेयरों में नेस्ले, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, अपोलो हॉस्पिटल, महिंद्रा एंड महिंद्रा और आईटीसी में 3.46 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई। वहीं हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील, कोल इंडिया, ओएनजीसी और आईसीआईसीआई बैंक जैसे शेयरों में 2 से 6 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई।
अब तक के कारोबार में कुल 2,899 शेयरों में ट्रेडिंग हुई, जिनमें से 1,661 शेयर हरे निशान में जबकि 1,238 शेयर लाल निशान में रहे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 13 में तेजी और 17 में गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी के 50 शेयरों में 26 शेयरों में बढ़त और 24 शेयरों में कमजोरी देखने को मिली।
बीएसई सेंसेक्स 119 अंक की मजबूती के साथ खुला, लेकिन शुरुआती बिकवाली के चलते 82,119 के निचले स्तर तक फिसल गया। बाद में रिकवरी के साथ यह 82,499 के स्तर तक पहुंचा। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 55 अंक की बढ़त के साथ 82,325 पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह निफ्टी ने भी गिरावट के बाद वापसी करते हुए 25,346 के स्तर को छुआ और सुबह 10 बजे तक 25,335 के आसपास बना रहा।
विशेषज्ञों के अनुसार, बजट घोषणाओं को लेकर निवेशकों की नजरें अब सेक्टर आधारित फैसलों पर टिकी हुई हैं। आने वाले सत्रों में बजट से जुड़े प्रावधान बाजार की दिशा तय करेंगे।






