रिलीज से पहले ही ‘बॉर्डर 2’ ने की करोड़ों की कमाई, बॉक्स ऑफिस पर धमाका तय

बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह का माहौल बना दिया है। फिल्म को लेकर लगातार नए अपडेट और चर्चाएं सामने आ रही हैं, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।

सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, ‘बॉर्डर 2’ ने एडवांस बुकिंग में अब तक करीब 5.65 करोड़ रुपये कमाए हैं। यह कमाई केवल 2डी शोज से हुई है। फिल्म को डॉल्बी और 4डीएक्स फॉर्मेट में भी रिलीज किया जाएगा, जिससे इसके कलेक्शन में और इजाफा होने की उम्मीद है। अब तक फिल्म के 13,585 शोज में करीब 1.75 लाख टिकट बिक चुके हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की ओपनिंग डबल डिजिट में रहने की पूरी संभावना है। अनुमानित कलेक्शन फिलहाल 9.93 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है और रिलीज से पहले इसके 10 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार करने की उम्मीद जताई जा रही है। मेकर्स भी इन आंकड़ों से काफी उत्साहित हैं।

अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’ में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, मोना सिंह, सोनम बजवा, आन्या सिंह और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। देशभक्ति और जज्बे से भरपूर यह फिल्म 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

एडवांस बुकिंग के आंकड़ों को देखते हुए साफ है कि ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर बड़े रिकॉर्ड बनाने की पूरी तैयारी में है।

Share

Similar Posts