भाजपा ने राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान विपक्ष की नारेबाजी को संसद का अपमान बताया

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संसद के बजट सत्र के पहले दिन दोनों सदनों के संयुक्त सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण के दौरान विपक्ष की नारेबाजी को संसद और देश की गरिमा पर हमला बताया।
भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा ने पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने आदतन संसदीय मर्यादा को तार-तार किया। उन्होंने कहा कि जब राष्ट्रपति अपने अभिभाषण में वंदे मातरम के 150वें साल और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के योगदान का स्मरण कर रही थीं, तब विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। इस तरह की हरकत से राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम और ऋषिपुरुष बंकिम बाबू का अपमान हुआ।
जेपी नड्डा ने कहा, “कांग्रेस और इंडी गठबंधन के अन्य घटक दलों ने संसद की गरिमा को ठेस पहुँचाई। तृणमूल कांग्रेस भी इस हंगामे में शामिल रही। यह अत्यंत निंदनीय है और इन दलों को संसद और देश से माफी मांगनी चाहिए।”
भाजपा ने इस घटना की व्यापक भर्त्सना करते हुए कहा कि विपक्ष को संसदीय मर्यादा और राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान करना चाहिए।






