भोपाल में खुले में मांस-मछली बिक्री पर सख्ती, अब टांगकर बेचने पर लगेगी रोक
भोपाल में अब खुले में मांस, मुर्गा और मछली बेचने पर सख्ती बढ़ने वाली है। शहर में स्वच्छता और सार्वजनिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए खुले में मीट बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने की तैयारी की जा रही है। भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने स्पष्ट किया है कि बजट प्रावधानों के तहत इस व्यवस्था को लागू किया जाएगा।
सांसद आलोक शर्मा के मुताबिक, दुकानों पर कपड़ों की तरह मांस टांगकर बेचने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि शहर में खुले स्थानों पर संचालित मीट दुकानों को व्यवस्थित करने के लिए नगर निगम की ओर से ठोस कदम उठाए जाएंगे। इसका उद्देश्य आम लोगों की सुविधा, साफ-सफाई और बेहतर शहरी व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
नगर निगम जल्द ही शहर में चिन्हित स्थानों पर व्यवस्थित और कवर्ड मीट मार्केट विकसित करेगा, जहां मांस, मुर्गा और मछली की बिक्री निर्धारित नियमों के तहत की जा सकेगी। प्रशासन का मानना है कि इससे अनियंत्रित और खुले में संचालित दुकानों पर नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी।
आलोक शर्मा ने कहा कि नियमों को लागू करने में कुछ चुनौतियां जरूर सामने आएंगी, लेकिन अवैध गुमठियों और खुले में संचालित दुकानों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का फोकस ऐसे व्यापार को व्यवस्थित और नियमानुसार संचालित करने पर रहेगा, ताकि शहर की स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं पर सकारात्मक प्रभाव पड़ सके।






