|

धार में भाजपा कार्यशाला का आयोजन: कैलाश विजयवर्गी हुए शामिल; 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान

धार।  प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को धार नगर के जेएमडी गार्डन में भाजपा की जिला स्तरीय ‘सेवा संकल्प अभियान’ कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय रहे। अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती ने की।

कार्यशाला में धार विधायक नीना वर्मा, सेवा संकल्प अभियान जिला संयोजक मनोज सोमानी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप पटोंदिया व प्रभु राठौड़ आदि अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।

कार्यशाला का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्र का पूजन और माला चढ़ाकर कर किया गया। जिलाध्यक्ष महंत नीलेश भारती ने स्वागत भाषण देते हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ की रूपरेखा पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह अभियान जनसेवा और जनभागीदारी को समर्पित है। अभियान के दौरान विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

मोदी के नेतृत्व में भारत ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की
भारती ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। वैश्विक स्तर पर भारत की ताकत और प्रभाव लगातार बढ़ा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रियता से जुटें तथा सेवा कार्यों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें। सेवा, संगठन और जनसंपर्क के माध्यम से अभियान को व्यापक रूप दिया जाएगा।

आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया
कार्यशाला को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के कल्याण को केंद्र में रखकर अनेक जनहितैषी योजनाएं संचालित की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों परिवारों का पक्के मकान का सपना साकार हुआ है। वहीं आयुष्मान भारत योजना ने जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सुरक्षा प्रदान की है तथा पात्र हितग्राहियों को निशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है।

योजना की दी जानकारी
विजयवर्गीय ने कहा कि सरकार की योजनाएं केवल सीमित न रहें, बल्कि उनका वास्तविक लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना जरूरी है। शहर से गांव और गांव से टोले-मजरे तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को निभानी है। कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र हितग्राहियों से संपर्क करें, उन्हें शासन की योजनाओं की जानकारी दें और योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें। जनसेवा के माध्यम से संगठन और सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना ही कार्यकर्ताओं का प्रमुख दायित्व है।

17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रमुख रूप से यह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिसमें आशीर्वाद का दीया,सेवा चित्र ड्राइंग प्रतियोगिता, सेवा स्मरण, आंगन का मिलन, कहानी बदलाव की, सेवा ज्योति यात्रा, वडनगर से वाराणसी सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग, इन्नोवेशन चैलेंज, जन सेवा का महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट, 25 साल 25 कहानी सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन सभी कार्यक्रम निमित मंडल स्तर की टोली और अभियान प्रभारी बनाए गए है।

यह भी हुए शामिल 
कार्यशाला को धार विधायक नीना वर्मा ने भी संबोधित किया। संचालन जीवन रघुवंशी ने किया तथा आभार जिला टोली सह संयोजक ममता जोशी ने माना। कार्यशाला में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, टोली सदस्य और अपेक्षित कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यशाला का समापन वंदे मातरम् गायन के बाद हुआ। यह जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा व सह मीडिया प्रभारी मनोज सोलंकी कवि ने दी।

Share