| |

बड़वानी में जंगल में पति-पत्नी के शव मिले: कुछ दिन पहले मिली थी बाइक; पुलिस जांच में जुटी

बड़वानी। जिले के प्रसिद्ध बावनगजा के पास कालाखेत के जंगल में सोमवार सुबह पति-पत्नी के शव पेड़ पर लटके मिले।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतारकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतकों की पहचान धार जिले के करौली निवासी अर्जुन डावर और महाराष्ट्र के जालना निवासी शारदा के रूप में हुई है।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची
पुलिस के मुताबिक, दोनों पहले से विवाहित थे। कुछ दिन पहले अर्जुन की बाइक बावनगजा इलाके में मिली थी, जिसके बाद से दोनों की तलाश की जा रही थी। सोमवार सुबह जंगल में दो शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

कारण स्पष्ट नहीं 
थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि बावनगजा के नीचे कालाखेत जंगल में पेड़ पर महिला और पुरुष के शव मिले हैं। प्रारंभिक जांच में दोनों के एक साथ आत्महत्या करने की आशंका है। हालांकि, दोनों ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे 
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अर्जुन के परिजन धार से बड़वानी पहुंच गए हैं और उसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वहीं, शारदा के परिजनों के आने के बाद उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Share