इंदौर में राष्ट्रीय IPSC बैडमिंटन टीम का चयन: 8 सितंबर से एमराल्ड हाइट्स में टूर्नामेंट; देशभर की खिलाड़ी लेंगी हिस्सा

इंदौर। द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में आईपीएससी राष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का आगाज 8 सितंबर से हो रहा है। चार दिन तक चलने वाली इस राष्ट्रीय स्पर्धा में देशभर के प्रतिष्ठित स्कूलों की बालिका खिलाड़ी अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में अपनी चुनौती पेश करेंगी। इस प्रतियोगिता के आधार पर राष्ट्रीय आईपीएससी बैडमिंटन टीम का चयन किया जाएगा, जो एसजीएफआई की प्रतियोगिता में टीम का प्रतिनिधित्व करेगी। हिस्सा
देशभर से टीमें इंदौर पहुंचीं
स्पर्धा में भाग लेने के लिए देश के विभिन्न राज्यों की टीमें इंदौर पहुंच चुकी हैं। स्पर्धा में हिस्सा लेने वाली टीमों में मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स, राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, एल.के. सिंघानिया एजुकेशन सेंटर, महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल, विद्या देवी जिंदल स्कूल, मॉडर्न स्कूल, डेली कॉलेज, वेल्हम गर्ल्स स्कूल, राजकुमार कॉलेज, द लॉरेंस स्कूल और मेजबान द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल की टीमें शामिल हैं।
स्कूल परिसर में होंगे सभी मुकाबले
स्पर्धा का औपचारिक शुभारंभ सुबह के सत्र में स्कूल के संचालक मुक्तेश सिंह के आतिथ्य में होगा। समारोह में देशभर से पहुंचे खिलाड़ी और प्रशिक्षक मौजूद रहेंगे। इस चार दिवसीय प्रतियोगिता के सभी मैच द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल परिसर में खेले जाएंगे।