|

मनावर में किसानों ने निकाली बाइक-ट्रैक्टर रैली: प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन; कर्ज माफ करने की मांग 

मनावर। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के बैनर तले सोमवार को किसानों ने धार रोड स्थित अनाज मंडी से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बाइक और ट्रैक्टर रैली निकाली। रैली के बाद किसान मनावर अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी प्रमोद गुजर को 8 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।

कर्ज माफ करने की मांग 
ज्ञापन में किसानों ने स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के अनुसार C2+50 प्रतिशत के आधार पर MSP की कानूनी गारंटी, अमेरिका से प्रस्तावित ट्रेड डील को रद्द करने, देश के किसानों का कर्ज माफ करने तथा CCI द्वारा कपास की अतिशीघ्र खरीदी शुरू करने जैसी प्रमुख मांगें रखीं।

बाजार मूल्य का चार गुना मुआवजा देने की मांग 
किसानों ने कृषि योग्य भूमि का अधिग्रहण नहीं करने और अधिग्रहण की स्थिति में बाजार मूल्य का चार गुना मुआवजा देने की मांग भी की। वहीं किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिवर्ष करने, गोमाता को राष्ट्र माता का दर्जा देने तथा किसानों की समस्याओं पर चर्चा के लिए लोकसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग ज्ञापन में शामिल रही।

जल्द निर्णय लिया जाए 
किसान संगठनों ने कहा कि उनकी मांगों पर जल्द ठोस निर्णय लिया जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य और आर्थिक राहत मिल सके। रैली के दौरान किसानों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की।

Share