| |

भोपाल तिरंगा यात्रा में बुलेट से पहुंचे CM: बारिश के बीच बच्चों ने बढ़ाया उत्साह; डोरेमोन और मोटू-पतलू की वेशभूषा में हुए शामिल

भोपाल। भाजपा आज तिरंगा यात्रा निकाल रही है। टीटी नगर स्टेडियम से यात्रा की शुरूआत हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी भी यात्रा मे शामिल हुए हैं।

बारिश में भी भारत माता की जय’ के नारे लगा रहे बच्चे
तेज बारिश के बावजूद बच्चों का उत्साह कम नहीं हुआ। शहर के अलग-अलग इलाकों से पहुंचे बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए।

तेज बारिश के चलते यात्रा का रूट छोटा किया 
तेज बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री ने यात्रा का रूट भी छोटा कर दिया। पहले यात्रा टीटी नगर स्टेडियम से न्यू मार्केट, रोशनपुरा चौराहे होते हुए वापस टीटी नगर आने वाली थी। अब न्यू मार्केट के नानके पेट्रोल पंप चौराहे से पहले ही यात्रा को वापस टीटी नगर की ओर मोड़ दिया गया, ताकि बारिश के बीच बच्चों को परेशानी न हो।

इंद्र देवता भी देश के वीरों का स्वागत कर रहे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव यात्रा में बुलेट से पहुंचे और हाथ में तिरंगा लेकर शामिल हुए। उन्होंने कहा कि बारिश के बीच इंद्र देवता भी देश के वीरों का स्वागत कर रहे हैं। उन्होंने भारत माता की जय के नारों के साथ तिरंगा यात्रा शुरू करने की घोषणा की।

बच्चों ने बढ़ाया देशभक्ति का रंग
यात्रा में बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हुए हैं। बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर पहुंचे हैं। कई बच्चे अलग-अलग किरदारों की वेशभूषा में नजर आ रहे हैं। डोरेमोन और मोटू-पतलू के किरदार भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

सीएम बुलेट से पहुंचे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलेट बाइक से टीटी नगर स्टेडियम पहुंचे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह समेत पार्टी के कई नेता मौजूद हैं।

Share