खलघाट में रेलिंग से टकराकर हवा में लटका ट्राला: संजय सेतु पर लगा लंबा जाम; क्रेन से हटाया

धामनोद। संजय सेतु पुल पर बेकाबू ट्राला अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गया। उसका एक हिस्सा हवा में लटक गया। मजबूत रेलिंग के कारण ट्राला नीचे नर्मदा नदी किनारे बसी बस्ती में नहीं गिरा। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रेलिंग से टकराकर हवा में लटका ट्राला
जानकारी के मुताबिक, रविवार को इंदौर-मुंबई मार्ग से गुजर रहा ट्राला खलघाट के संजय सेतु पुल पर अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्राला पुल की रेलिंग से जा टकराया। टक्कर के बाद ट्राला पुल के किनारे हवा में लटक गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्राला दिल्ली से कोटा माल भरने जा रहा था।
पुल पर लगा लंबा जाम
घटना के बाद संजय सेतु पुल पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। दोनों ओर यातायात प्रभावित होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही खलघाट यातायात चौकी प्रभारी पदम सिंह भाटी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
क्रेन की मदद से हटाया ट्राला
पुलिस और प्रशासन की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से हवा में लटके ट्राले को सुरक्षित तरीके से हटवाया। ट्राला हटाए जाने के बाद पुल पर यातायात को दोबारा सुचारू कराया गया।
ड्राइवर से पूछताछ में मालूम हुआ कि उसके आगे एक कर चल रही थी जिसने एकदम से ब्रेक लगाया इस वजह से गाड़ी अनियंत्रित हो गई। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते ट्राले को हटवा दिया गया, जिससे स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया और आवागमन सामान्य हो गया। -पदम सिंह भाटी, चौकी प्रभारी, खलघाट