EXCLUSIVE-पीथमपुर की 2,957 मीटर लंबी सुरंग में टनल लाइनिंग का काम पूरा: 1,216 मीटर बैलास्टलेस ट्रैक का निर्माण भी पूरा; गुजरात-एमपी के बीच बढ़ेगी रेल कनेक्टिविटी

अमित त्रिवेदी। इंदौर। पीथमपुर में बन रही 2,957 मीटर लंबी सुरंग में टनल लाइनिंग का काम पूरा हो गया है। इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना के तहत इसका निर्माण कार्य हो रहा है। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के अंतर्गत यह परियोजना अंतिम चरणों में है। लाइनिंग का कार्य पूरा होने के बाद अब सुरंग के भीतर बैलास्टलेस ट्रैक बिछाने और अन्य सिविल कार्यों में तेजी लाई गई है।
1,216 मीटर बैलास्टलेस ट्रैक का निर्माण पूरा
सुरंग के अंदर अब तक 1,216 मीटर बैलास्टलेस ट्रैक का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 810 मीटर हिस्से में काम जारी है। प्लेन सीमेंट कंक्रीट (PCC) की पहली परत का 2,007 मीटर और अंतिम परत का 1,470 मीटर कार्य भी संपन्न हो गया है। वर्तमान में 740 मीटर हिस्से में PCC निर्माण का काम तेजी से चल रहा है, ताकि ट्रैक बिछाने का मार्ग पूरी तरह तैयार हो सके।

आधुनिक और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप हो रहा निर्माण
सुरंग को आधुनिक और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए इसमें रिफ्यूज निच (शरण स्थल), रेस्क्यू शाफ्ट और ताजी हवा के लिए वेंटिलेशन डक्ट का निर्माण किया जा रहा है। सुरंग के भीतर घुटन दूर करने के लिए एग्जॉस्ट फैन लगाने का काम भी प्रगति पर है। जल निकासी व्यवस्था के लिए साइड और इनवर्ट ड्रेन का अधिकांश हिस्सा पूरा हो चुका है।

मध्यप्रदेश और गुजरात की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी
इंदौर-दाहोद रेल लाइन परियोजना पूरी होने से मध्य प्रदेश और गुजरात के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे दोनों राज्यों के यात्रियों को तेज और बेहतर रेल सेवा मिलेगी। साथ ही, माल परिवहन में तेजी आने से क्षेत्र के व्यापारिक, औद्योगिक और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।