भोजशाला में शांतिपूर्ण रहे धार्मिक आयोजन: 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती; अलग-अलग मार्ग से हुई आवाजाही

धार। ऐतिहासिक भोजशाला परिसर में सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद शुक्रवार को धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच हिंदू समाज के श्रद्धालुओं ने भोजशाला परिसर में पूजा-अर्चना की और हनुमान चालीसा का पाठ किया। वहीं सर्वे नंबर 612 पर मुस्लिम समाज के लोगों ने जुमे की नमाज अदा की।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भोजशाला और आसपास के क्षेत्र में करीब 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। धार कलेक्टर राजीव रंजना मीना, एसपी सचिन शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी पूरे क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रहे।
नमाज के बाद दरगाह के लिए अलग मार्ग
प्रशासन ने नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों के लिए कमाल मौला दरगाह तक पहुंचने के लिए अलग मार्ग की व्यवस्था की थी। इससे नमाजियों की आवाजाही व्यवस्थित तरीके से हुई और भोजशाला परिसर में अन्य श्रद्धालुओं की आवाजाही भी प्रभावित नहीं हुई।

प्रशासन की व्यवस्था से शांतिपूर्ण आयोजन
अलग-अलग मार्ग से आवाजाही की व्यवस्था के चलते दोनों समाजों के धार्मिक आयोजन बिना किसी बाधा के संपन्न हुए। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता के कारण पूरे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रही। धार्मिक आयोजनों के शांतिपूर्ण संपन्न होने से शहर में राहत और सौहार्द का माहौल रहा।