|

BEO पर कार्रवाई की मांग; विधायक को पुलिस ने रोका; आदेश नहीं मिला तो समर्थकों संग निकले

बड़वानी। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) मनोज मराठे को पद से हटाने और निलंबित करने की मांग को लेकर जयस का निवाली में चल रहा धरना शुक्रवार को उग्र हो गया।

धरने में शामिल होने जा रहे सेंधवा विधायक एवं जयस जिला अध्यक्ष मोंटू सोलंकी को पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे तक कार्यालय में रोककर रखा। इस दौरान सेंधवा SDOP अजय वाघमारे भी उनसे चर्चा करने पहुंचे।

विधायक ने मांग रखी कि बीईओ मनोज मराठे से तत्काल वित्तीय अधिकार वापस लिए जाएं। उन्हें पद से हटाने के साथ निलंबित किया जाए। पुलिस और प्रशासन की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, लेकिन विधायक को कार्रवाई से संबंधित लिखित आदेश की प्रति नहीं दी गई।

लिखित आदेश नहीं मिला तो समर्थकों के साथ निकले
करीब डेढ़ घंटे तक इंतजार के बाद भी लिखित आदेश नहीं मिलने पर मोंटू सोलंकी 300 से अधिक समर्थकों के साथ निवाली में चल रहे जयस के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए रवाना हो गए।

विधायक बोले- अधिकारी को संरक्षण दिया जा रहा
सोलंकी ने आरोप लगाया कि जिस अधिकारी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज है और जिस मामले में एक आदिवासी शिक्षक को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है, उसे संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन गुरुवार से कार्रवाई का आश्वासन दे रहा है, लेकिन अब तक लिखित आदेश जारी नहीं किया गया।

उन्होंने मांग की कि मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए बीईओ से सभी वित्तीय प्रभार वापस लिए जाएं, उन्हें निलंबित किया जाए और पद से हटाया जाए।

आंदोलन उग्र करने की चेतावनी
विधायक ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की और आंदोलन को रोकने या दबाने का प्रयास किया गया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

 

Share