| |

बांग्लादेश: शेख हसीना से जुड़े बहुचर्चित मामले में अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण आज सुनाएगा फैसला

बांग्लादेश में आज अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनके दो करीबी सहयोगियों से जुड़े बहुचर्चित मामले में अपना ऐतिहासिक फैसला सुनाने जा रहा है। न्यायमूर्ति मोहम्मद गुलाम मुर्तुजा मजुमदार की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय खंडपीठ ने पिछले सप्ताह ही फैसले की तारीख की पुष्टि की थी। फैसले को देखते हुए ढाका में कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं, जहां बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश, रैपिड एक्शन बल और सेना की अतिरिक्त टुकड़ियों को तैनात किया गया है।

यह मामला पिछले वर्ष जुलाई–अगस्त में विद्यार्थियों के नेतृत्व वाले बड़े विद्रोह से जुड़ा है। अभियोजन पक्ष का आरोप है कि तत्कालीन अवामी लीग सरकार ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसक दमन किया था। इस मामले में शेख हसीना के साथ पूर्व गृह मंत्री असदुज्जमां खान कमाल और पूर्व पुलिस प्रमुख चौधरी अब्दुल्ला अल-मामून भी आरोपी हैं। मगल-मामून वर्तमान में हिरासत में हैं और कथित रूप से सरकारी गवाह बन गए हैं।

देश में राजनीतिक उथल-पुथल के बाद हसीना और कमाल बांग्लादेश छोड़कर बाहर चले गए थे, जिसके कारण यह मुकदमा उनकी अनुपस्थिति में चलाया जा रहा है। वहीं, अल-मामून ने अदालत में कथित तौर पर स्वीकार किया है कि उन्होंने शीर्ष अधिकारियों के निर्देशों पर कार्रवाई की थी।

फैसले से पहले राजधानी ढाका के अलावा गोपालगंज, मदारीपुर और फ़रीदपुर में भी सुरक्षा एजेंसियों ने गश्त तेज कर दी है। प्रमुख राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच संभावित तनाव को देखते हुए पुलिस और अर्धसैनिक बल उच्च सतर्कता पर हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस मामले का फैसला बांग्लादेश की राजनीति पर गंभीर प्रभाव डाल सकता है, खासकर उस समय जब देश में राष्ट्रीय चुनावों के केवल कुछ महीने बचे हैं।

Share

Similar Posts