| | |

बड़वानी में 6 घंटे में हाईवे लूट का खुलासा: 2 आरोपी गिरफ्तार; तीन मोबाइल फोन और नकदी जब्त

बड़वानी। सेंधवा के नागलवाड़ी थाना क्षेत्र में हाईवे पर हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज 6 घंटे में खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल फोन, ₹570 नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब ₹2.30 लाख बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना नागलवाड़ी और पुलिस चौकी बालसमुद की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

तीन मोबाइल फोन और नकदी जब्त
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण डावर (20), निवासी मेहदगांव और सुभाष सोलंकी (20), निवासी सालीटांडा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से तीन मोबाइल फोन, ₹570 नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई यामाहा मोटरसाइकिल (MP-69-ZA-5819) बरामद की है।

पुलिस के अनुसार जब्त किए गए सामान की कुल कीमत ₹2,30,570 है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि उनका संबंध अन्य लूट की घटनाओं से तो नहीं है।

बदमाशों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
पुलिस ने कहा- हाईवे पर लूट, कटिंग और अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल बदमाशों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रामकुमार पाटील, उपनिरीक्षक कमलकिशोर चौहान, चौकी प्रभारी संजय शर्मा सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

Share