|

असम चुनाव परिणाम 2026: 126 सीटों पर मतगणना शुरू, 722 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज

असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए आज सुबह 8 बजे से मतगणना प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य की 126 विधानसभा सीटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटों की गिनती की जा रही है। सबसे पहले 40 मतगणना केंद्रों पर पोस्टल बैलट की गिनती शुरू हुई, जिसके बाद ईवीएम के मतों की गणना की जाएगी।

इस चुनाव में कुल 722 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला आज होगा। मतगणना केंद्रों के बाहर सुबह से ही भारी भीड़ देखी जा रही है, जबकि सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

इस बार असम में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान कराया गया था, जिसमें रिकॉर्ड 85.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह राज्य के चुनावी इतिहास में सबसे अधिक मतदान प्रतिशत में से एक माना जा रहा है, जिससे मुकाबला बेहद रोचक हो गया है।

चुनाव में प्रमुख दलों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 90 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, जबकि सहयोगी दल असम गण परिषद (अगप) ने 26 सीटों और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने 11 सीटों पर चुनाव लड़ा।

वहीं विपक्ष की ओर से कांग्रेस ने 99 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए, जबकि एआईयूडीएफ, असम जातीय परिषद, राइजर दल और अन्य दलों ने भी अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे। इसके अलावा 259 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनावी मुकाबले में शामिल रहे।

राज्य में इस बार बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है, जिससे नतीजों को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। सभी की नजर अब इस बात पर टिकी है कि क्या भाजपा एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगी या विपक्ष कोई बड़ा उलटफेर करेगा।

मतगणना के रुझान दोपहर तक स्पष्ट होने लगेंगे, जबकि अंतिम परिणाम शाम तक आने की संभावना है।

Share

Similar Posts