अनंत चतुर्दशी की झांकी के लिए यह रास्ते होंगे बंद: इस रूट से आए-जाए; जानिए कहा होगा ‘नो पार्किंग’ जोन

इंदौर। अनंत चतुर्दशी के चल समारोह के लिए रूट जारी कर दिया है। शहर के प्रमुख मार्गों को दोपहर से ही बंद कर दिया जाएगा। झांकी मार्ग पर वाहनों का आना जाना बंद रहेगा।
चल समारोह के दौरान भागीरथपुरा से भंडारी ब्रिज, नगर निगम से मृगनयनी और चिकमंगलूर, राजकुमार ब्रिज से डीआरपी चौराहा, रीगल से शास्त्री ब्रिज-मृगनयनी, सैफी से संजय सेतु, संजय सेतु से नंदलालपुरा और नंदलालपुरा से यशवंत रोड की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
झांकी मार्ग पर सभी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। रामबाग, महेश जोशी तिराहा, सुभाष चौक पानी की टंकी, मल्हारगंज एसीपी कार्यालय, बड़वाली चौकी, इतवारिया बाजार, सब्जी मंडी, दरगाह चौराहा, मच्छी बाजार, पंढरीनाथ थाना तिराहा, गौतमपुरा तिराहा और कबूतरखाना चौकी की ओर से भी वाहनों को चल समारोह मार्ग में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इन रास्तों पर नहीं होगी पार्किंग
नंदलालपुरा, यशवंत रोड, रामलक्ष्मण बाजार, नरसिंह बाजार, जी. सच्चिदानंद गौराकुंड, शक्कर बाजार, सुभाष चौक, राजवाड़ा और कृष्णपुरा पुल क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा मच्छी बाजार से यशवंत रोड, दरगाह से नरसिंह बाजार, मालगंज से नरसिंह बाजार, बियाबानी से मालगंज, लोहार पट्टी से कांच मंदिर और टोरी कॉर्नर से मल्हारगंज थाना व गौराकुंड की ओर भी वाहन नहीं जा सकेंगे।

भारी वाहनों के लिए भी कई रास्ते बंद
रीगल से गांधी भवन, वल्लभ नगर से राजकुमार ब्रिज और डीआरपी लाइन, पत्थर गोदाम से राजकुमार ब्रिज व भंडारी ब्रिज, परदेशीपुरा से भंडारी ब्रिज होकर डीआरपी लाइन, भागीरथपुरा से शिवालय तिराहा और मरीमाता से इमली बाजार की ओर भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इसी तरह बड़ा गणपति से टोरी कॉर्नर, वायरलेस से बड़ा गणपति, चंदन नगर से गंगवाल, पटेल प्रतिमा से संजय सेतु, महूनाका और गुलजार चौकी से कलेक्टर चौराहा की ओर भी भारी वाहन नहीं जा सकेंगे।
इन रास्तों से जाएं
मरीमाता से रेलवे स्टेशन/बस स्टैंड: भागीरथपुरा तिराहा, एमआर-4, राजकुमार ब्रिज के नीचे, वल्लभ नगर तिराहा और जीएसआईटीएस होकर जा सकेंगे।
जवाहर मार्ग से यशवंत रोड: सैफी चौराहा, हाथीपाला, बड़ा रावला और रावजी बाजार होकर निकल सकेंगे।
मधुमिलन से नंदलालपुरा, यशवंत रोड और राजमोहल्ला: फॉरेस्ट तिराहा, अग्रसेन चौराहा और सपना-संगीता रोड का उपयोग कर सकेंगे।
रीगल/लेफ्टिनेंट चौराहा से मरीमाता: वल्लभ नगर तिराहा, राजकुमार ब्रिज, एमआर-4 और भागीरथपुरा होकर जा सकेंगे।
रीगल से शास्त्री ब्रिज, मृगनयनी, राजवाड़ा और यशवंत रोड: जीपीओ, फॉरेस्ट तिराहा, अग्रसेन चौराहा और सपना-संगीता रोड का उपयोग कर सकेंगे।

एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड पर प्रतिबंध नहीं
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना जरूरत के भीड़ वाले क्षेत्रों में वाहन लेकर न जाएं। जरूरत होने पर ई-रिक्शा या टू व्हीलर से आए-जाए । एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस की गाड़ियों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा।