जगदलपुर पहुंचे अमित शाह, नेतानार CRPF कैंप में बलिदानी जवानों को देंगे श्रद्धांजलि

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार को अपने तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे के दूसरे दिन जगदलपुर पहुंचे। रायपुर से वायुसेना के विशेष विमान द्वारा पहुंचे अमित शाह का आगमन दोपहर करीब 12:30 बजे दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर हुआ, जहां राज्य सरकार और भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, बस्तर सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पांडे, बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, बस्तर आईजी सुंदरराज पी सहित कई जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने केंद्रीय गृह मंत्री का आत्मीय स्वागत किया।
औपचारिक स्वागत के बाद अमित शाह बिना रुके वायुसेना के हेलीकॉप्टर से बस्तर जिले के नेतानार स्थित CRPF कैंप के लिए रवाना हो गए। यहां वे नक्सल विरोधी अभियानों में बलिदान हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और सुरक्षा बलों के जवानों से भी मुलाकात कर सकते हैं।
अमित शाह का यह दौरा बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, नक्सल विरोधी अभियानों की समीक्षा और जवानों के मनोबल को मजबूत करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस दौरान वे क्षेत्र की सुरक्षा रणनीति और विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ अहम चर्चा भी कर सकते हैं।






