इंदौर के कपड़ा व्यापारी से हाईवे पर लूट: पंचर टायर बदलते समय 3 बदमाशों ने किया हमला; 8 लाख के जेवर-नकदी लेकर फरार

धार। इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन हाईवे पर रात के अंधेरे में इंदौर के कपड़ा व्यापारी से हो गई लूट। सरदारपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भेरुचौकी के पास कार का पंचर टायर बदल रहे व्यापारी और उनके ड्राइवर पर तीन बदमाशों ने हमला कर दिया। इसके बाद बदमाश करीब 8 लाख रुपए के सोने के गहने और नकदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुजरात जा रहे थे व्यापारी
इंदौर निवासी कपड़ा व्यापारी हर्ष संगतानी अपने ड्राइवर शोएब हुसैन के साथ कार से गुजरात जा रहे थे। उन्हें वहां एक परिचित के यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना था।
रात में ग्राम भेरुचौकी के पास अचानक कार का टायर पंचर हो गया। हर्ष और शोएब ने फोरलेन के किनारे कार रोककर टायर बदलना शुरू किया। इसी दौरान तीन अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और दोनों के साथ मारपीट करने लगे।
सोने की चेन, बाली और कड़ा लूटा
व्यापारी के मुताबिक, बदमाशों ने उनके पास रखे सोने के आभूषण और नकदी लूट ली। शिकायत में हर्ष ने बताया कि बदमाश करीब 3.30 लाख रुपए की सोने की चेन, 50 हजार रुपए की सोने की बाली, 4 लाख रुपए का सोने का कड़ा और बैग में रखे 10 हजार रुपए नकद लेकर फरार हुए।
लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 8 लाख हजार रुपए बताई गई है। वारदात के बाद बदमाश रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले।
वारदात के बाद सीधे गुजरात पहुंचा व्यापारी
लूट की घटना से व्यापारी इतना घबरा गया कि वह पुलिस के पास जाने के बजाय सीधे गुजरात चला गया। वहां पहुंचकर उसने रिश्तेदारों को पूरी घटना बताई। गुजरात से लौटने के बाद हर्ष ने सरदारपुर थाने पहुंचकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ FIR दर्ज कराई।
साइबर क्राइम और स्थानीय पुलिस की टीम बनाई
हाईवे पर हुई लूट की वारदात को गंभीरता से लेते हुए SP सचिन शर्मा ने साइबर क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम गठित की है।
मामले की जांच कर रहे उपनिरीक्षक जगदीश मीणा ने बताया कि व्यापारी के घटना के बाद गुजरात चले जाने के कारण रिपोर्ट दर्ज कराने में कुछ समय लगा। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस अन्य सुरागों के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
