| | |

इंदौर के Adam’s Ale में खाद्य सुरक्षा टीम की कार्रवाई: एक्सपायर्ड सामान और कीड़े मिले; वेज-नॉनवेज एक फ्रीजर में; लाइसेंस निलंबित

इंदौर। बाईपास स्थित Adam’s Ale रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं पकड़ीं। स्टोर रूम की जांच में 10 से अधिक एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ मिले। वहीं पिस्ता, मिर्च पाउडर और सौंफ में कीड़े पाए गए। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर प्रशासन ने रेस्टोरेंट की खाद्य अनुज्ञप्ति आगामी आदेश तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी।

एक ही डीप फ्रीजर में रखा था वेज-नॉनवेज
निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट के डीप फ्रीजर में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले। टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा की जांच के लिए मौके से 6 नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

मौके पर नष्ट कराए एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ
टीम ने स्टोर रूम में मिले सभी एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराया। खाद्य सामग्री के रखरखाव, एक्सपायरी डेट और स्वच्छता संबंधी नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने खाद्य अनुज्ञप्ति तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share