| | | |

कनाडा में स्काई ट्रेन की पटरी पर बैठकर गाना गाने लगा सिख शख्स: पुलिस को बोला- मुझे अंग्रेजी नहीं आती; सेवा रोककर ट्रैक से निकाला

कनाडा।  के वैंकूवर में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई, जहां एक सिख शख्स अचानक स्काई ट्रेन के ट्रैक पर उतर गया। वह काफी देर तक पटरियों पर बैठा रहा और उछल-कूद करते हुए गाना गाता रहा। ट्रैक पर व्यक्ति के मौजूद होने की सूचना मिलते ही सुरक्षा के लिहाज से स्काई ट्रेन सेवा रोक दी गई। पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर शख्स को ट्रैक से बाहर निकाला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस को देख बोला- ‘मुझे अंग्रेजी नहीं आती’
वायरल वीडियो में शख्स ट्रैक पर बैठा और गाना गाता दिखाई दे रहा है। अधिकारियों और वहां मौजूद लोगों ने उसे पटरियों से हटाने की कोशिश की तो वह बार-बार “आई डॉन्ट नो इंग्लिश” कहता सुनाई दिया। पुलिस ने सुरक्षा कर्मियों की मदद से उसे ट्रैक से बाहर निकाला। शख्स के सुरक्षित बाहर आने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं।

ट्रैक पर व्यक्ति दिखते ही रुक जाती है ड्राइवरलेस ट्रेन
वैंकूवर की स्काई ट्रेन पूरी तरह ऑटोमैटिक और ड्राइवरलेस मेट्रो सिस्टम है। इसका संचालन कंप्यूटर आधारित सिस्टम से होता है। ट्रैक पर किसी व्यक्ति या अन्य रुकावट का पता चलने पर सुरक्षा प्रणाली सक्रिय हो जाती है और ट्रेनों की आवाजाही रोक दी जाती है।

नेटवर्क आपस में जुड़ा होने के कारण एक स्थान पर सेवा प्रभावित होने से दूसरे रूट की ट्रेनों पर भी असर पड़ सकता है। इस घटना के चलते यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ट्रैक पर क्यों उतरा, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि शख्स किस वजह से स्काई ट्रेन के ट्रैक पर उतरा था। पुलिस ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया है और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। उसके खिलाफ क्या कानूनी कार्रवाई की गई है, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

Share