|

सेंधवा में राशन वितरण में गड़बड़ी: अंगूठा लगवाकर पर्ची दी; राशन नहीं देने की शिकायत

सेंधवा। ग्राम पंचायत धावड़ा  की शासकीय उचित मूल्य दुकान पर राशन वितरण में अनियमितता के आरोप लगे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन को आवेदन देकर दुकान की व्यवस्था की जांच कराने और पात्र हितग्राहियों को लंबित राशन दिलाने की मांग की है।

अंगूठा लगवाकर पर्ची निकालने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि हर महीने पीओएस मशीन पर हितग्राहियों का अंगूठा लगवाकर राशन वितरण की पर्ची निकाल दी जाती है, लेकिन उन्हें वास्तविक रूप से राशन सामग्री नहीं दी जाती। सेल्समेन की ओर से अगले महीने राशन देने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया जाता है।

किसी को एक तो किसी को तीन महीने का राशन नहीं मिला
ग्रामीणों के मुताबिक कई हितग्राहियों को एक माह, कुछ को दो माह और कुछ लोगों को तीन महीने तक का राशन नहीं मिला है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि पीओएस मशीन पर वितरण की प्रक्रिया पूरी हो रही है तो उन्हें राशन क्यों नहीं दिया जा रहा।

स्टॉक और पीओएस रिकॉर्ड की जांच की मांग
ग्रामीणों ने राशन की हेराफेरी की आशंका जताते हुए दुकान के स्टॉक, वितरण पंजी और पीओएस रिकॉर्ड का मिलान कराने की मांग की है। आवेदन में सेल्समेन के पति पर राशन कार्डधारियों से अभद्र व्यवहार करने का आरोप भी लगाया गया है।

दुकान का निरीक्षण कर कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से दुकान का तत्काल निरीक्षण कराने, पात्र हितग्राहियों को उनका लंबित राशन दिलाने और जांच में अनियमितता मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों ने राशन वितरण में पारदर्शिता और सुविधा के लिए दुकान को आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था धवली में स्थानांतरित करने की मांग भी रखी है।

Share