| |

इंदौर में इवेंट के नाम पर 13.70 लाख की ठगी: फर्जी ई-मेल और दस्तावेज दिखाकर रकम ली; जनसुनवाई में शिकायत

इंदौर। पुलिस कमिश्नर कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई आयोजित की गई। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

कॉलेज में इवेंट कराने का दिया झांसा
जनसुनवाई में पहुंचे एक फरियादी ने चिराग तिवारी नाम के व्यक्ति पर 13 लाख 70 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। फरियादी के मुताबिक आरोपी ने खुद को एक फिटनेस कंपनी का फाउंडर बताते हुए कॉलेज में इवेंट कराने की बात कही थी।

आरोप है कि आरोपी ने कॉलेज के नाम से फर्जी कॉल, ई-मेल और दस्तावेज दिखाकर फरियादी को भरोसे में लिया। इसके बाद उससे करीब 13.70 लाख रुपए ले लिए।

इवेंट नहीं हुआ, रकम भी वापस नहीं की
फरियादी का कहना है कि रकम लेने के बाद आरोपी ने इवेंट आयोजित नहीं कराया। जब रकम वापस मांगी गई तो पैसे भी वापस नहीं किए गए। फरियादी ने मामले की शिकायत क्राइम ब्रांच में किए जाने की बात भी कही है।

पुलिस ने जांच के निर्देश दिए
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने कहा कि जनसुनवाई में आए सभी आवेदकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया है। जिन मामलों में जांच की जरूरत है, उनमें कार्रवाई शुरू कराई गई है। आवेदकों को तय समय-सीमा में कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी।

दस्तावेज और बैंक जानकारी साझा न करने की अपील
पुलिस कमिश्नर ने लोगों से अपील की कि वे अपने जरूरी दस्तावेज, बैंक संबंधी जानकारी और अन्य निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी लेनदेन से पहले संबंधित व्यक्ति और संस्था की पूरी जानकारी की जांच करें।

Share