आलीराजपुर में शिक्षक नशे में अभद्र भाषा का वीडियो वायरल: महेश पटेल ने उठाए सवाल; जांच की मांग

आलीराजपुर। सोंडवा ब्लॉक के दरकली गांव में ग्रामसभा के दौरान एक शिक्षक का तौर पर शराब के नशे में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाला वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।
आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने घटना को लेकर शिक्षा व्यवस्था और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामसभा में शिक्षक के व्यवहार पर सवाल
महेश पटेल ने कहा कि प्रशासन जिले की शिक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने की बात करता है, लेकिन ग्रामसभा जैसे सार्वजनिक मंच पर किसी शिक्षक के इस तरह के व्यवहार की शिकायत सामने आना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों के भविष्य निर्माण की जिम्मेदारी निभाते हैं, इसलिए उनके आचरण को लेकर उठे सवालों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

कलेक्टर से पूछा- अब तक क्या कार्रवाई हुई?
महेश पटेल ने कलेक्टर से सवाल किया कि दरकली ग्रामसभा की घटना और वायरल वीडियो के मामले में अब तक क्या कार्रवाई की गई है। उनका कहना है कि ग्रामसभा के साथ ग्रामीणों की ओर से भी शिकायत दी गई है। ऐसे में प्रशासन को मामले की जांच कर कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा की मांग
महेश पटेल ने कहा कि आलीराजपुर जिले में शिक्षा विभाग से जुड़ी कई शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। छात्र-छात्राओं, छात्रावासों और शिक्षण संस्थानों से संबंधित समस्याओं पर प्रशासन को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। उन्होंने संबंधित मंत्री और प्रशासन से जिले की शिक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करने की मांग की।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो विद्यार्थियों और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
प्रशासन से वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराने, शिकायत पर कार्रवाई करने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।