| | |

अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद का MBDD कारवां पहुंचा इंदौर: 17 से 24 सितंबर तक रक्तदान अभियान; कॉर्पोरेट सेक्टर को जोड़ेंगे

इंदौर। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद का MBDD कारवां 15 अगस्त को रायपुर से रवाना होकर इंदौर पहुंचा। चार सदस्यों प्रतीक, राहुल, यश और पुलकीत का छह दिवसीय कारवां महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के 14 शहरों को कवर करते हुए 20 अगस्त को लाडनूं पहुंचेगा।

24 सितंबर तक देशभर में रक्तदान अभियान चलाएंगे 
संस्था की ओर से 17 से 24 सितंबर तक देशभर में रक्तदान अभियान चलाया जाएगा। इस बार अभियान में कॉर्पोरेट सेक्टर को विशेष रूप से जोड़ा जा रहा है। संस्थानों से अपने कर्मचारियों के लिए रक्तदान शिविर आयोजित कराने में सहयोग की अपील की जा रही है।

एक ही दिन में सवा तीन लाख यूनिट रक्त एकत्र किया 
संस्था के मुताबिक MBDD देश के बड़े रक्तदान अभियानों में शामिल है और वर्ष 2012 से लगातार आयोजित किया जा रहा है। पिछले साल एक ही दिन में सवा तीन लाख यूनिट रक्त एकत्र करने का दावा किया गया था। इस बार पिछले रिकॉर्ड से अधिक रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि, अभियान का मुख्य फोकस नए रक्तदाताओं को जोड़ने पर रहेगा।

रक्तदान को लेकर लोगों में अभी भी जागरूकता की कमी
शिविरों की व्यवस्थाओं में संस्था की ओर से सहयोग किया जाएगा, जबकि स्थानीय ब्लड बैंक की टीम रक्तदान प्रक्रिया पूरी कराएगी। ऋषभ छाजेड़ ने कहा कि रक्तदान को लेकर लोगों में अभी भी जागरूकता की कमी और डर है। अभियान का उद्देश्य इस झिझक को दूर कर नए लोगों को रक्तदान से जोड़ना है।

पहली बार रक्तदान करने वालों को जोड़ेंगे 
संस्था का कहना है कि पहली बार रक्तदान करने वालों को आगे भी नियमित रूप से इस सेवा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि रक्तदान अभियान को और मजबूत बनाया जा सके।

Share