पश्चिम एशिया संकट के बीच एयर इंडिया समूह की 30 उड़ानें, सीमित सेवाओं के साथ संचालन जारी

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच Air India और Air India Express आज इस क्षेत्र के लिए कुल 30 निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ानों का संचालन करेंगी। बदलते हालात के बीच एयरलाइंस सीमित लेकिन आवश्यक सेवाएं जारी रखे हुए हैं।
एयर इंडिया समूह ने जानकारी दी कि इन 30 उड़ानों में से 10 उड़ानें United Arab Emirates के लिए नॉन-शेड्यूल्ड (एड-हॉक) सेवाएं होंगी। हालांकि, यह संख्या पिछले दिनों की तुलना में कम है। इन उड़ानों का संचालन स्लॉट की उपलब्धता और नियामक मंजूरी पर निर्भर करेगा।
एयरलाइंस द्वारा दुबई, अबू धाबी और शारजाह जैसे प्रमुख शहरों के लिए सीमित उड़ान सेवाएं जारी रखी गई हैं। एयर इंडिया दिल्ली से दुबई के लिए उड़ान संचालित करेगी, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस मंगलौर को दुबई से जोड़ेगी। इसके अलावा दिल्ली से अबू धाबी के लिए सीमित सेवाएं उपलब्ध रहेंगी और अमृतसर व कन्नूर से शारजाह के लिए उड़ानें संचालित की जाएंगी।
ओमान के Muscat रूट पर भी नियमित उड़ान संचालन जारी रहेगा, जिसमें एयर इंडिया एक्सप्रेस दिल्ली, कन्नूर, मुंबई और तिरुवनंतपुरम से उड़ानें संचालित करेगी। हालांकि सलालाह के लिए सेवाएं अभी भी निलंबित हैं।
वहीं IndiGo ने भी इस क्षेत्र में अपनी कुछ चुनिंदा उड़ान सेवाएं जारी रखने की पुष्टि की है। एयरलाइंस का कहना है कि पश्चिम एशिया की बदलती परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए परिचालन को लगातार समायोजित किया जा रहा है।






