|

अद्वैत पाटीदार ने आईआरसी ट्रॉफी में जीते दो खिताब: अंडर-11 और अंडर-13 एकल में बने चैंपियन; 522 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

इंदौर। रेसीडेंसी क्लब में आयोजित आईआरसी ट्रॉफी ओपन मिनी एवं सब जूनियर इंदौर जिला रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता में अद्वैत पाटीदार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो खिताब अपने नाम किए। उन्होंने बालक अंडर-11 और अंडर-13 एकल वर्ग में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। व्हिज़स्पोर्ट्स रेसीडेंसी क्लब द्वारा इंदौर जिला बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में रिकॉर्ड 522 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

अंडर-11 में हर्षवर्धन को हराया
बालक अंडर-11 एकल वर्ग के फाइनल में अद्वैत पाटीदार ने हर्षवर्धन सिंह को 15-6, 15-5 से हराकर खिताब जीता। इसके बाद अंडर-13 एकल के फाइनल में भी उन्होंने जीत दर्ज की। अद्वैत ने विराज शर्मा को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 15-12, 13-15, 15-13 से पराजित कर दूसरा खिताब अपने नाम किया।

अंडर-9 में सुचये और मिशिता विजेता
बालक अंडर-9 एकल वर्ग के फाइनल में सुचये देव ने आयुक्त गुलहाटी को 15-9, 15-11 से हराकर खिताब जीता। बालिका अंडर-9 एकल वर्ग में मिशिता गुप्ता चैंपियन बनीं। उन्होंने काशी कुशवाहा को 15-1, 15-4 से हराया।

बालिका अंडर-11 एकल के फाइनल में इशमान सलूजा ने यर्निका चौबे को 15-11, 15-6 से मात दी।

अंडर-15 में राज्य चैंपियन आरव राज बग्गा विजेता
बालिका अंडर-13 एकल वर्ग में ओमिषा मेहता ने आरिषा जैसवाल को 15-12, 15-6 से हराकर खिताब अपने नाम किया। बालक अंडर-15 एकल वर्ग में राज्य चैंपियन आरव राज बग्गा ने प्रवर ओसवाल को 15-1, 15-4 से हराकर जीत दर्ज की।

बालिका अंडर-15 एकल वर्ग में रिद्धिमा सूद चैंपियन बनीं। उन्होंने फाइनल में दिवा चौकसे को कड़े मुकाबले में 13-15, 15-12, 17-15 से पराजित किया।

आईजी ने खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत
प्रतियोगिता का समापन और पुरस्कार वितरण अनुराग जैन, पुलिस महानिरीक्षक आईजी ग्रामीण जोन, पूर्व अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी सीमा बापना और अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी शुभम प्रजापति के आतिथ्य में हुआ।

इस अवसर पर शेखर तिवारी, पराग गुप्ता, कमलप्रीत कौर नैयर, श्वेतांक वर्मा, आर.पी. सिंह नैयर, रवि ऐरन और अंशुल गुप्ता भी मौजूद थे। रैफरी एवं सहायक रैफरी मनीष त्रिवेदी, रूबी नैयर, सुधांशु व्यास और विनायक तिवारी को भी सम्मानित किया गया।

Share