| | | |

भारत और ऑस्ट्रेलिया ने सशस्त्र बलों के बीच परिचालन साझेदारी को मजबूत करने के लिए रक्षा समझौते किए

भारत और ऑस्ट्रेलिया ने सशस्त्र बलों के बीच परिचालन साझेदारी को मज़बूत करने के लिए महत्वपूर्ण रक्षा समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौते रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और ऑस्ट्रेलिया के उप-प्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स की उपस्थिति में हुए।

ऑस्ट्रेलिया यात्रा पर गए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मार्ल्स के साथ कैनबरा में बातचीत की और दोनों नेताओं ने रक्षा उद्योग, साइबर सुरक्षा, समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय चुनौतियों सहित सभी आयामों पर चर्चा की। उन्होंने भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापक रणनीतिक भागीदारी और सुदृढ़ रक्षा उद्योग सहयोग पर जोर दिया।

राजनाथ सिंह ने सीमा पार आतंकवाद और क्षेत्रीय स्थिरता में ऑस्ट्रेलिया के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और हिंद प्रशांत क्षेत्र में मुक्त, खुले और स्थिर माहौल बनाए रखने के लिए सहयोग की प्रतिबद्धता जताई।

ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स ने इस समझौते को दोनों देशों की सशस्त्र बलों के बीच संचालन भागीदारी को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

Share

Similar Posts