बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज करेंगे पटना मेट्रो सेवा के पहले चरण का उद्घाटन

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पटना मेट्रो रेल सेवा के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। यह क्षण राजधानी पटना के लिए ऐतिहासिक साबित होगा, क्योंकि छह वर्षों की लंबी प्रतीक्षा के बाद अब मेट्रो सेवा पटना की सड़कों पर दौड़ने को तैयार है।
करीब 3.5 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर को “प्राथमिकता गलियारा” नाम दिया गया है। इस चरण में मेट्रो सेवा अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल से भूतनाथ स्टेशन तक संचालित होगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उद्घाटन के बाद न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से भूतनाथ स्टेशन तक मेट्रो की यात्रा करेंगे। वे कॉरिडोर-1 के भूमिगत खंड की आधारशिला भी रखेंगे। मेट्रो रेल सेवा के औपचारिक शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री मेट्रो डिपो का भी उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2019 में इस परियोजना के निर्माण कार्य की शुरुआत की थी। अब कल से यह सेवा आम जनता के लिए शुरू हो जाएगी।






