ड्रग्स विभाग ने गर्भपात की दवाइयों का भंडारण किया जब्त; 10 हजार कीट, 50 लाख से अधिक कीमत

कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर औषधि विभाग ने गर्भपात में इस्तेमाल होने वाली दवाइयों के अवैध भंडारण के मामले में गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने करीब 10 हजार गर्भपात किट जब्त की हैं। जब्त दवाइयों की कीमत 50 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बड़ी मात्रा में दवाइयों का स्टॉक जावेद खान और अजय सवडतकर नामक व्यक्तियों द्वारा रखा गया था। विभाग अब दवाइयों की खरीद और बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहा है।
ड्रग्स अधिकारी योगेश गुप्ता के मुताबिक विभाग की टीम क्वालिटी फार्मा का निरीक्षण करने धार कोठी स्थित पते पर पहुंची थी। वहां जांच के दौरान इस नाम से दुकान संचालित नहीं मिली। इसके बाद विभाग ने फर्म के संबंध में जानकारी जुटाई तो उसका दवा स्टॉक किसी दूसरे स्थान पर रखा मिला। टीम ने मौके पर पहुंचकर दवाइयों की जांच की और बड़ी मात्रा में गर्भपात किट मिलने पर उन्हें जब्त किया।
अधिकारी के अनुसार जांच में इन दवाइयों की खरीद से जुड़े बिल तो मिले, लेकिन बिक्री के बिल उपलब्ध नहीं कराए गए। वहीं खरीद बिलों में भी गर्भपात की दवाइयों की काफी अधिक मात्रा दर्ज मिली है। इसी आधार पर विभाग ने पूरे स्टॉक को कब्जे में लेकर जांच शुरू की है। जब्त दवाइयों की पूरी सूची तैयार की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में दवाइयां कहां से खरीदी गईं और इन्हें किस उद्देश्य से रखा गया था। संचालक अजय सवडतकर से भी दवाइयों के दस्तावेज और स्टॉक के संबंध में जानकारी ली जा रही है। जांच के बाद विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।