|

1500 मीटर में अन्वी और आद्या को स्वर्णिम सफलता: ऑल इंडिया आईपीएससी एथलेटिक्स टूर्नामेंट में अंडर-14; अंडर-17 और अंडर-19 बालिका वर्ग के मुकाबले

इंदौर। डेली कॉलेज इंदौर की अन्वी जैन ने 1500 मीटर दौड़ अंडर-17 आयु वर्ग में और लॉरेंस स्कूल लवडेल की आद्या साहू ने अंडर-19 आयु वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल द्वारा आयोजित ऑल इंडिया आईपीएससी एथलेटिक्स टूर्नामेंट में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्णिम सफलता हासिल की। टूर्नामेंट के तीसरे दिन अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालिका वर्ग में विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबले हुए।

एमरल्ड हाइट्स में खेली जा रही स्पर्धा के तीसरे दिन 1500 मीटर रेस अंडर-17 आयु वर्ग में डेली कॉलेज इंदौर की अन्वी जैन ने 5:36.45 का समय लेकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। लॉरेंस स्कूल लवडेल की एस. नीला मुकिल 5:59.22 के साथ दूसरे तथा मेयो कॉलेज अजमेर की अवंतिका पंकज नारायण 6:28.52 के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। अंडर-19 में लॉरेंस स्कूल लवडेल की आद्या साहू ने 5:51.01 का समय निकाला और प्रथम स्थान पर रहते हुए स्वर्ण पदक जीता।

100 मीटर हर्डल में ग्रेस रहीं अव्वल
एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल इंदौर की ग्रेस मार्टिन ने 18.05 सेकंड का समय लेकर 100 मीटर हर्डल रेस अंडर-19 आयु वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल जयपुर की आरोही पोरवाल 20.06 सेकंड के साथ दूसरे तथा मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स, राय की सुनिधि शर्मा 20.13 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। अंडर-17 में लॉरेंस स्कूल लवडेल की वाई.जे. अध्युत ने 17.81 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। डेली कॉलेज इंदौर की सलोनी सौरभ मंत्री 18.90 सेकंड के साथ दूसरे तथा एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल इंदौर की तनिष्का अग्रवाल 19.09 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

सुहाना और भवरीत को स्वर्ण पदक
3000 मीटर रेस वॉक अंडर-17 में मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स, राय की सुहाना सैनी ने 20:19.71 का समय लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अंडर-19 आयु वर्ग में बिड़ला बालिका विद्यापीठ की भवरीत कौर बराड़ ने 20:16.39 का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। हैमर थ्रो 3 किलोग्राम अंडर-17 में मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स, राय की कनिका ने 27.46 मीटर की दूरी तक थ्रो कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल इंदौर की सिद्धि केडिया 19.48 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। अंडर-19 आयु वर्ग में मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स, राय की माही चौधरी ने 35.36 मीटर की दूरी तक थ्रो कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

पोल वॉल्ट में एमरल्ड का दबदबा
पोल वॉल्ट अंडर-17 में एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल इंदौर की सान्वी सुजय घाग ने 1.40 मीटर की ऊंचाई पार कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी विद्यालय की प्रियांशी वाधवानी ने भी 1.40 मीटर की ऊंचाई के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं ट्रिपल जंप अंडर-17 में लॉरेंस स्कूल लवडेल की वाई.जे. अध्युत ने 9.31 मीटर की छलांग लगाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। मेयो कॉलेज अजमेर की वेदिका बंसल 9.21 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।

Share