| |

देवास में दो महीने से मैथ्स की पढ़ाई प्रभावित: ABVP ने स्कूल में लगाया ताला, 3 घंटे बैठकर की नारेबाजी; 3 दिन में समाधान की मांग

देवास। बागली के एकीकृत शासकीय हाई स्कूल इस्माइलखेड़ी में गणित विषय के अतिथि शिक्षक (वर्ग-2) का पद रिक्त होने से नाराज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने गुरुवार को स्कूल के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन करीब तीन घंटे तक चला। ABVP कार्यकर्ताओं के साथ विद्यार्थी और ग्रामीण भी मुख्य द्वार पर बैठे और नारेबाजी की।

दो महीने से गणित की पढ़ाई प्रभावित होने का दावा
ABVP नगर इकाई के पदाधिकारियों का कहना है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 शुरू हुए दो महीने से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन स्कूल में गणित विषय का नियमित अध्यापन नहीं हो पा रहा है। संगठन का आरोप है कि शिक्षक का पद लंबे समय से रिक्त होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। प्रदर्शन में स्थानीय ग्रामीणों और नागरिकों ने भी समर्थन दिया। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा विभाग से जल्द गणित शिक्षक की नियुक्ति करने की मांग की।

अधिकारियों ने 3 दिन में समाधान का दिया आश्वासन
तालाबंदी की सूचना मिलने के बाद शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ABVP कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों और ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने गणित शिक्षक की रिक्ति से जुड़ी समस्या का तीन दिन के भीतर स्थायी समाधान करने का आश्वासन दिया।
आश्वासन के बाद ABVP की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी, देवास के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

Share