सेंसेक्स 1248 अंक और निफ्टी 384 अंक गिरा: महंगा कच्चा तेल और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ने से बाजार पर दबाव

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार, 24 सितंबर को बड़ी गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 1248 अंक यानी 1.67% गिरकर 73,581 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 384 अंक यानी 1.64% नीचे आकर 23,063 पर बंद हुआ। बैंकिंग, मेटल और ऑटो शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली रही।
बाजार गिरने की 3 बड़ी वजह
1. कच्चा तेल 100 डॉलर के पार
ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 102 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई। ईरान-अमेरिका तनाव और होर्मुज स्ट्रेट को लेकर चिंता से तेल की सप्लाई पर असर पड़ने की आशंका है। महंगा कच्चा तेल भारत के लिए चिंता बढ़ाता है। इससे तेल आयात का खर्च बढ़ सकता है। महंगाई और रुपए पर भी दबाव आ सकता है।
2. अमेरिकी बॉन्ड पर बढ़ा रिटर्न
अमेरिकी बॉन्ड की यील्ड बढ़ने से भी भारतीय बाजार पर दबाव पड़ा। बॉन्ड यील्ड बढ़ने का मतलब है कि निवेशकों को अमेरिकी बॉन्ड से ज्यादा रिटर्न मिल रहा है। ऐसे में कुछ विदेशी निवेशक भारत जैसे बाजारों से पैसा निकालकर अमेरिकी बाजार में निवेश कर सकते हैं।
3. इंश्योरेंस नियमों में बदलाव की चिंता
IRDAI के प्रस्तावित नियमों को लेकर भी निवेशकों में चिंता रही। माना जा रहा है कि बदलाव से इंश्योरेंस कंपनियों की कमाई और कमीशन पर असर पड़ सकता है। इसका असर बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों पर भी दिखा। PB फिनटेक करीब 10% तक गिरा। एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व के शेयर भी दबाव में रहे।

निवेशकों की दौलत करीब 4 लाख करोड़ रुपए घटी
बाजार में तेज बिकवाली से निवेशकों की कुल संपत्ति करीब 3.94 लाख करोड़ रुपए घट गई। बुधवार को BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब 485 लाख करोड़ रुपए था। गुरुवार दोपहर 3:20 बजे तक यह घटकर करीब 481 लाख करोड़ रुपए रह गया।
दो IPO आज से खुले
गुरुवार को A-One Steels India और Moneyview के IPO भी खुले। दोनों में 28 सितंबर तक बोली लगाई जा सकती है। A-One Steels India का IPO 405 करोड़ रुपए का है, जबकि Moneyview का इश्यू करीब 1,091.68 करोड़ रुपए का है।

विदेशी निवेशकों ने 7 दिन में 2169 करोड़ के शेयर बेचे
विदेशी निवेशकों ने पिछले 7 दिनों में भारतीय शेयर बाजार में 2,169 करोड़ रुपए की नेट बिकवाली की। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने इसी दौरान 10,279 करोड़ रुपए की नेट खरीदारी की।