| |

उज्जैन में सीवरेज लाइन के लिए खोदे गड्ढे में गिरी बाइक: एक हफ्ते से खुला हुआ है; पहले भी हो चुके है हादसे

उज्जैन।  शहर में सीवरेज लाइन के लिए खोदी जा रही सड़कें अब लोगों के लिए परेशानी के साथ खतरा भी बन रही हैं। बुधवार को हनुमान नाका स्थित गदा पुलिया क्षेत्र में सीवरेज के लिए खोदे गए 5 फीट गहरे गड्ढे में बाइक सवार जा गिरा।

बाइक निकालते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह गड्ढे में जा समाया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकाला। हादसे में युवक को मामूली चोटें आईं। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।

एक हफ्ते से खुला है गड्ढा
एक हफ्ते से सड़क के बीच खुदा गड्ढा खुला पड़ा है। मौके पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। न बैरिकेडिंग की गई है और न ही चेतावनी संकेत लगाए गए हैं। बुधवार को इसी गड्ढे में बाइक निकालते समय एक युवक अचानक संतुलन खो बैठा और बाइक समेत करीब 5 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा। आसपास के लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और बड़ा हादसा टल गया।

पहले भी हो चुकी है हादसे से मौत
उज्जैन में सीवरेज प्रोजेक्ट के तहत जगह-जगह सड़कें खोदी जा रही हैं, लेकिन इन निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि कई जगह सुरक्षा मानकों का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा जा रहा। कुछ दिन पहले महाकाल दर्शन के लिए जा रहे एक श्रद्धालु की बाइक भी खुले गड्ढे में जा गिरी थी। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उसकी मौत हो गई थी। इसके बावजूद खुले गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने लगाए आरोप
सीवरेज कार्य के दौरान लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। नागरिकों ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, बैरिकेडिंग और रेडियम संकेतक लगाने के साथ अधूरे काम जल्द पूरा कराने की मांग की है। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने आरोप लगाया कि जल्दबाजी में काम कराया जा रहा है। अधिकारी रोज निरीक्षण का दावा करते हैं, लेकिन खुले गड्ढे नजर नहीं आते। लापरवाही से आमजन को परेशानी हो रही है।

Share