MP में सितंबर के आखरी हफ्ते में मानसून का स्ट्रॉन्ग सिस्टम: 25-26 को भारी बारिश का अलर्ट; अब तक 34.3 इंच पानी गिरा

भोपाल। मानसून खत्म होने से पहले मध्य प्रदेश में तेज बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम सक्रिय हो गया है। 25 और 26 सितंबर को इसका ज्यादा असर रहने का अनुमान है।
इन दोनों दिनों में पूर्वी हिस्से के अधिकांश जिलों में भारी से अतिभारी बारिश का अलर्ट है। वहीं, गुरुवार को 10 जिलों में तेज बारिश का अनुमान जताया गया है।
मौसम केंद्र (IMD) के अनुसार बंगाल की खाड़ी में विकसित हुआ दबाव अब महत्वपूर्ण मौसमी सिस्टम के रूप में उभर रहा है। 24 घंटे के बाद इसके और स्ट्रॉन्ग होने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है।
इन जिलों में भारी बारिश का अनुमान
गुरुवार को छतरपुर, पन्ना, सतना, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी और छिंदवाड़ा में भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, अनूपपुर, सागर, दमोह, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
मानसून की विदाई में अब छह दिन बाकी
मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून का पीरियड 1 जून से 30 सितंबर तक रहता है। यानी मानसून की विदाई में अब छह दिन बाकी हैं। इस बार भी सितंबर के आखिरी सप्ताह से मानसून की विदाई शुरू होने का अनुमान है। राजस्थान के कई जिलों से मानसून लौट चुका है।
प्रदेश में अब तक 34.3 इंच बारिश
IMD के मुताबिक प्रदेश में अब तक 870.5 मिमी यानी 34.3 इंच बारिश हो चुकी है। सामान्य बारिश 931.7 मिमी यानी 36.7 इंच है। इस लिहाज से प्रदेश में अब तक 2.4 इंच कम बारिश हुई है। ओवरऑल बारिश सामान्य से 7% कम है। पूर्वी हिस्से में 2% और पश्चिमी हिस्से में औसत से 11% कम बारिश हुई है।
सागर और शहडोल में 2% तक कम बारिश
पूर्वी हिस्से के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में 2% तक कम बारिश हुई है। बालाघाट, छिंदवाड़ा, डिंडौरी, दमोह, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, मंडला, रीवा, सागर और सिवनी में 5% से 23% तक कम बारिश हुई है। एक सप्ताह में बारिश के आंकड़ों में सुधार हुआ है। बुधवार को यह आंकड़ा 2% कम था।
इंदौर-देवास में कम बारिश
पश्चिमी हिस्से के आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में औसत से 8% से 50% तक कम बारिश हुई है।