इंदौर के गोदाम से 10 हजार लीटर तेल जब्त: 21 लाख है कीमत; 11 सैंपल जांच के लिए भेजे

इंदौर। खाद्य तेलों में मिलावट और गुणवत्ता की जांच को लेकर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने इंदौर में विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत बुधवार को मल्हारगंज और सियागंज में कार्रवाई की गई।
टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से खाद्य तेल के कुल 11 सैंपल जांच के लिए लिए। वहीं, मल्हारगंज स्थित एक गोदाम से 10,500 लीटर खाद्य तेल जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 21 लाख है।
मल्हारगंज के गोदाम से 9 सैंपल लिए
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने श्री श्याम एंड श्याम ऑयल्स प्राइवेट लिमिटेड, मल्हारगंज स्थित गोदाम का निरीक्षण किया। यहां सोना सिक्का ब्रांड मूंगफली तेल और कच्ची घानी मस्टर्ड ऑयल के अलग-अलग पैकिंग साइज मिले। अधिकारियों ने दोनों प्रकार के खाद्य तेलों के कुल 9 नमूने जांच के लिए लिए। जांच के दौरान प्रतिष्ठान पर आवश्यक खाद्य लाइसेंस भी उपलब्ध नहीं पाया गया। टीम ने गोदाम से 10,500 लीटर तेल जब्त किया।
सियागंज से 2 तेलों के सैंपल लिए
अभियान के तहत टीम ने शंकर महादेव ट्रेडर्स, मेन रोड, सियागंज का भी निरीक्षण किया। यहां से प्रीमियम रिफाइंड ग्राउंडनट ऑयल और गुलाब कोल्ड प्रेस्ड ग्राउंडनट ऑयल के सैंपल लिए गए। इस तरह दोनों स्थानों से कुल 11 सैंपल लिए गए हैं।
सैंपल भोपाल की परीक्षण प्रयोगशाला में भेजे
सभी सैंपल को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लैब रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मिलावट की रोकथाम के लिए चलाया अभियान
यह अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशन और कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। इसका फोकस दूसरे राज्यों और मध्यप्रदेश के अन्य जिलों से इंदौर आने वाले खाद्य तेलों की गुणवत्ता की जांच और मिलावट की रोकथाम पर है।