अलीराजपुर में कुएं में मिला युवती का शव: गणेश पंडाल में आरती के लिए गई थी; हत्या की आशंका

अलीराजपुर। बोरी थाना क्षेत्र के ग्राम सुड़ी बड़ी में सुबह तीन दिनों से लापता युवती का शव गांव के ही एक निजी कुएं में मिला। कुएं में शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
मृतका की पहचान अनीता (19), पिता मेहरसिंह डावर, निवासी ग्राम सुड़ी बड़ी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक अनीता तीन दिन पहले गांव में लगाए गए गणेश पंडाल में दर्शन और आरती के लिए गई थी।
इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
ग्रामीणों न कुएं में तैरते शव देखा
गुरुवार सुबह ग्रामीणों की नजर निजी कुएं में तैरते शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। परिजनों ने शव की पहचान अनीता डावर के रूप में की।
शव को छिपाने की नीयत से फेंका
परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि अनीता की हत्या करने के बाद शव को छिपाने की नीयत से कुएं में फेंका गया हो सकता है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस युवती के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की परिस्थितियों की जांच कर रही है और हर संभावित पहलू को खंगाला जा रहा है।