झाबुआ में डिप्टी कलेक्टर ने बेटे का जन्मदिन दिव्यांग बच्चों के साथ मनाया: CWSN छात्रावास में केक-पार्टी की; बोले- खुशियां बांटने से बढ़ती हैं

झाबुआ। सेवा संकल्प अभियान के तहत डिप्टी कलेक्टर सुनील कुमार डावर ने अपने बेटे गौरव वेदांश डावर का जन्मदिन जरूरतमंद बच्चों के साथ मनाया। उन्होंने परिवार के साथ CWSN (Children with Special Needs) छात्रावास पहुंचकर दिव्यांग बच्चों के बीच समय बिताया।

डिप्टी कलेक्टर अपनी पत्नी विद्या डावर के साथ छात्रावास पहुंचे। यहां बच्चों के साथ भगवान गणेश की आरती की। इसके बाद बच्चों को पार्टी बॉक्स और स्वल्पाहार प्रसाद बांटा गया।

बच्चों के चेहरे पर आई मुस्कान
जन्मदिन के इस आयोजन से छात्रावास में बच्चों में उत्साह नजर आया। बच्चों ने तालियां बजाकर और संकेतों के जरिए जन्मदिन की बधाई दी। छात्रावास के अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विशेष जरूरत वाले बच्चों का आत्मबल बढ़ता है और उनमें सामाजिक जुड़ाव की भावना मजबूत होती है।

बच्चों की मुस्कान सबसे बड़ा उपहार
डिप्टी कलेक्टर सुनील कुमार डावर ने कहा, “खुशियां बांटने से बढ़ती हैं। मेरे बेटे के जन्मदिन पर इन बच्चों के चेहरे की मुस्कान मेरे लिए सबसे बड़ा उपहार है।” उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के जरिए अपनी खुशियां समाज के वंचित और विशेष वर्ग के साथ साझा करने का संदेश मिलता है। कार्यक्रम में छात्रावास का स्टाफ, शिक्षक और अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Share