|

डीपीएस निपानिया और एमराल्ड हाइट्स चैंपियन: अंडर-14 बालक-बालिका वर्ग में जीती खिताबी ट्रॉफी; बालक वर्ग में सत्य साईं उपविजेता

इंदौर। डीपीएस निपानिया और मेजबान द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द एमराल्ड हाइट्स वर्ल्ड स्कूल में आयोजित एसजीएफआई जिला शालेय इंटर स्कूल बास्केटबॉल प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

बालक वर्ग में डीपीएस निपानिया विजेता
बालक वर्ग के फाइनल में डीपीएस निपानिया ने श्री सत्य साईं विद्या विहार को आसानी से 21-9 से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। डीपीएस की ओर से शिवंजय व्यास ने शानदार 12 अंक और नैतिक माहेश्वरी ने 4 अंक बनाए। वहीं श्री सत्य साईं विद्या विहार की ओर से प्रभ्याश प्रताप सिंह ने 6 और प्रज्ञान जोशी ने 2 अंक का योगदान दिया। तनिष ने 10 अंक बनाए।

एमराल्ड हाइट्स ने जीता कांस्य
बालक वर्ग के तीसरे स्थान के मुकाबले में द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल, झालरिया को 22-17 से हराकर कांस्य पदक हासिल किया। एमराल्ड हाइट्स की ओर से तनिष कबरा ने 10, नित्या सेठी और तनुल सैनी ने 5-5 तथा दियान सिंघी ने 2 अंक बनाए। शिशुकुंज की ओर से कियान पाटनी ने सर्वाधिक 11 अंक बनाए।

तनिषा के 7 बास्केट
बालिका वर्ग के खिताबी मुकाबले में एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल ने शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल, झालरिया को 19-9 से पराजित कर चैंपियनशिप अपने नाम की। एमराल्ड हाइट्स की ओर से तनिषा ने सर्वाधिक 7 अंक बनाए। आयति ने 4, तनिष्का, भाव्या और काश्वी ने 2-2 अंक का योगदान दिया। शिशुकुंज की ओर से आराई ने 5 और कावेरी ने 4 अंक बनाए।

विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की
प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण बास्केटबॉल फेडरेशन के सचिव कुलविंदर सिंह गिल के आतिथ्य में हुआ। उन्होंने विजेता एवं उप विजेता टीमों को ट्रॉफी और खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर स्कूल की प्राचार्य निशा अहमद, खेल अधिकारी संजय मिश्रा एवं धर्मेंद्र सिंह ठाकुर मौजूद थे।

Share